Mumbai University results raise concerns: BA-BCom में 80% से ज्यादा छात्र फेल

मुंबई यूनिवर्सिटी के डिस्टेंस एजुकेशन प्रोग्राम में पहले साल के परीक्षा परिणाम चिंताजनक रहे हैं। सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (cdoe) द्वारा जारी बीए और
मुंबई यूनिवर्सिटी के डिस्टेंस एजुकेशन प्रोग्राम में पहले साल के परीक्षा परिणाम चिंताजनक रहे हैं। सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (CDOE) द्वारा जारी बीए और बीकॉम प्रथम वर्ष के परिणामों में 80 फीसदी से अधिक छात्र सफल नहीं हो सके। परीक्षा के चार महीने बाद परिणाम घोषित होने से विश्वविद्यालय की परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
CDOE ने हाल ही में फर्स्ट ईयर बीकॉम के पहले सेमेस्टर का रिजल्ट जारी किया, जिसमें कुल 2,543 छात्रों में से केवल 457 छात्र पास हुए, जबकि 2,086 छात्र असफल रहे। इस प्रकार बीकॉम में पास प्रतिशत महज 18 फीसदी रहा। वहीं, फर्स्ट ईयर बीए की परीक्षा में 2,224 छात्रों में से केवल 460 छात्र सफल हो सके, जिससे बीए का पास प्रतिशत 20.68 फीसदी रहा।
कम पास प्रतिशत को लेकर उठ रहे सवालों के बीच मुंबई यूनिवर्सिटी ने अपने परिणामों का बचाव किया है। विश्वविद्यालय का कहना है कि इस साल के आंकड़े पिछले वर्षों के अनुरूप हैं। FY बीए का पास प्रतिशत इस साल 20.68 फीसदी रहा, जबकि पिछले साल यह 23.35 फीसदी था। FY बीकॉम में इस साल 18 फीसदी छात्र पास हुए, जबकि पिछले साल यह 13 फीसदी था, जो कि कुछ सुधार दर्शाता है।
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि असफल घोषित होने का मतलब यह नहीं है कि छात्र सभी विषयों में फेल हुए हैं। बीए और बीकॉम के छात्र कई आंतरिक और बाहरी परीक्षाएं देते हैं। यदि कोई छात्र एक या अधिक पेपर में असफल होता है, तो उसे असफल उम्मीदवारों में गिना जाता है।



















