Recruitment Rally Schedule Announced: अग्निवीर भर्ती रैली का शेड्यूल तय, जनवरी में 12 जिलों के 45 हजार युवा दिखाएंगे दम

लखनऊ में अग्निवीर भर्ती के लिए कॉमन प्रवेश परीक्षा (सीईई) में सफल अभ्यर्थियों को जल्द ही भर्ती रैली में भाग लेने का अवसर मिलेगा। सेना भर्ती मुख्यालय ने लखनऊ सहि
लखनऊ में अग्निवीर भर्ती के लिए कॉमन प्रवेश परीक्षा (सीईई) में सफल अभ्यर्थियों को जल्द ही भर्ती रैली में भाग लेने का अवसर मिलेगा। सेना भर्ती मुख्यालय ने लखनऊ सहित 12 जिलों के अभ्यर्थियों के लिए प्रस्तावित भर्ती रैली के कार्यक्रम की तिथि निर्धारित कर दी है। यह रैली लखनऊ छावनी के एएमसी स्टेडियम में 11 से 28 जनवरी तक तीन चरणों में आयोजित की जाएगी। इस रैली में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, तकनीकी, अग्निवीर क्लर्क, स्टोरकीपर तकनीकी और ट्रेड्समैन, महिला मिलिट्री पुलिस, सिपाही फार्मा और सैनिक नर्सिंग सहायक के पदों के लिए अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए ऑनलाइन आवेदन 13 फरवरी से एक अप्रैल तक मांगे गए थे, जिसे बाद में बढ़ाकर 10 अप्रैल कर दिया गया था।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के 5.60 लाख युवाओं ने अग्निवीर के विभिन्न पदों के लिए आवेदन किया था। इनमें उत्तर प्रदेश के छह भर्ती मुख्यालयों के अधीन आने वाले सभी जिलों के लगभग 4.97 लाख अभ्यर्थी शामिल हैं। सेना ने इनकी कॉमन प्रवेश परीक्षा (सीईई) का आयोजन एक से 15 जून तक किया था। सफल अभ्यर्थियों का परिणाम पिछले महीने घोषित किया गया था। सेना भर्ती मुख्यालय लखनऊ के अधीन आने वाले लखनऊ, फतेहपुर, चित्रकूट, कानपुर देहात, हमीरपुर, उन्नाव, गोंडा, बांदा, कन्नौज, महोबा, औरैया और बाराबंकी के करीब 45 हजार सफल अभ्यर्थी एएमसी सेंटर और कॉलेज स्टेडियम में 27 जनवरी से दूसरे चरण में आयोजित होने वाली रैली में भाग लेंगे।



















