Shravani Mela 2026: अजगैवीनाथ धाम में आज से भारी वाहनों की नो-एंट्री, रेड जोन में केवल पैदल चलेंगे कांवड़िए

अजगैवीनाथ धाम में श्रावणी मेला आज से शुरू हो रहा है, जिसके चलते कांवड़ियों की कतारें लगने लगी हैं। इस मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए
अजगैवीनाथ धाम में श्रावणी मेला आज से शुरू हो रहा है, जिसके चलते कांवड़ियों की कतारें लगने लगी हैं। इस मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए गुरुवार से मेला क्षेत्र के रेड जोन में सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है। ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि मुंगेर और भागलपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहनों का रूट फोरलेन की ओर डायवर्ट किया गया है। वहीं, बाजार और कांवड़िया पैदल मार्ग पर छोटे वाहनों के आवागमन पर भी प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि मुंगेर की ओर से आने वाले सभी भारी वाहन बरियारपुर से न्यू फोरलेन होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे। छोटी गाड़ियां केवल कृष्णगढ़ चौक तक ही आ सकेंगी और वहां से आगे का रास्ता रेलवे ओवरब्रिज, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाइपास थाना रोड और थाना चौक होते हुए तिलकपुर की ओर जाएगा। कृष्णगढ़ चौक से बाजार और कांवड़िया पैदल मार्ग पर किसी भी वाहन के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
भागलपुर की ओर से आने वाले बड़े वाहन भी न्यू फोरलेन से गुजरेंगे। शहर की ओर से आने वाले छोटे कांवड़िया वाहन प्रखंड कार्यालय से आगे नहीं जा सकेंगे। फोरलेन से आने वाले बड़े कांवरिया वाहनों के लिए बाबा चौक के पास फोरलेन के उत्तरी भाग में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। ट्रैफिक डीएसपी ने बताया कि रेड जोन में केवल पैदल आवागमन की अनुमति होगी और कृष्णगढ़ चौक से तिलकपुर तक अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। शव वाहन को फोरलेन से मिर्जापुर मार्ग होते हुए श्मशान घाट जाने की अनुमति होगी, लेकिन उसे मेला क्षेत्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। व्यापारिक वाहनों के लिए शुक्रवार, शनिवार और रविवार को प्रतिबंध रहेगा, जबकि अन्य चार दिनों में रात 11 बजे से दो बजे तक आवश्यक सामग्री ले जाने वाले वाहनों को नियमानुसार अनुमति दी जाएगी।



















