Solar Energy Initiative: कैमूर के गांवों में सोलर पैनल से बिजली बिल जीरो

भभुआ। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रभाव अब कैमूर जिले में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इस योजना के तहत जिले के शहरी और
भभुआ। केंद्र सरकार द्वारा शुरू की गई पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का प्रभाव अब कैमूर जिले में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। इस योजना के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 175 परिवारों ने अपने घरों की छतों पर सोलर रूफटाप सिस्टम स्थापित कर बिजली उत्पादन शुरू कर दिया है। इस पहल का सबसे बड़ा लाभ यह है कि कई परिवारों का मासिक बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है। सौर ऊर्जा का उपयोग करने वाले परिवारों में दिनेश कुमार सिंह, मोनू कुमार, शांति देवी और विनय तिवारी जैसे लोग शामिल हैं। उनका कहना है कि पहले हर महीने बिजली बिल की चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब वही बिजली उनके घर की छत पर लगे संयंत्र से तैयार हो रही है। इससे न केवल घरेलू खर्च कम हुआ है, बल्कि परिवार आर्थिक रूप से अधिक सशक्त महसूस कर रहे हैं।
लोगों का मानना है कि यह योजना केवल बिजली उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मनिर्भरता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। जिले में योजना के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि को देखते हुए बिजली विभाग और संबंधित एजेंसियां भी लगातार लोगों को जागरूक कर रही हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित शिविरों के माध्यम से लोगों को सौर ऊर्जा के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाली सरकारी सब्सिडी की जानकारी दी जा रही है। इसके परिणामस्वरूप अब बड़ी संख्या में लोग इस योजना से जुड़ने के लिए आवेदन कर रहे हैं। कैमूर जिले में यह योजना धीरे-धीरे लोगों के जीवन में बदलाव ला रही है। सोलर पैनल लगने के बाद दिन के समय बनने वाली बिजली सीधे घरों में उपयोग हो रही है, जिससे पंखा, कूलर, फ्रिज, टीवी, वाशिंग मशीन, पानी की मोटर सहित अन्य घरेलू उपकरण बिना किसी अतिरिक्त खर्च के संचालित हो रहे हैं।


















