Viral Video Controversy: बिहार के सरकारी स्कूल में छात्राओं से कराई गई नाली की सफाई

बिहार के रहुई प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ छात्राएं नाली की सफाई करती
बिहार के रहुई प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी) का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ छात्राएं नाली की सफाई करती हुई नजर आ रही हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद से मामला तूल पकड़ गया है। छात्राओं और विद्यालय की वार्डेन संगीता कुमारी ने इस वीडियो को लेकर साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने प्रशासन से इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की मांग की है। छात्राओं का कहना है कि विद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर जलजमाव की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी, जिससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा था। हल्की बारिश के बाद वहां तालाब जैसी स्थिति बन जाती थी, जिससे छात्राएं अक्सर फिसलकर गिर जाती थीं। इस समस्या को लेकर वार्डेन ने 20 जून 2026 को प्रखंड विकास पदाधिकारी और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को लिखित आवेदन देकर जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की थी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
छात्राओं ने बताया कि जब लगातार बारिश के कारण छात्रावास के गेट पर गंदा पानी जमा हो गया, तब वार्डेन ने स्वयं नाली की सफाई करने का निर्णय लिया। इस दौरान छात्राओं ने स्वेच्छा से वार्डेन का हाथ बंटाने का प्रयास किया। लेकिन इसी समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और उसे इस तरह से वायरल कर दिया कि ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो छात्राओं से जबरन नाली की सफाई कराई जा रही हो। छात्राओं का कहना है कि वीडियो में वास्तविकता को तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है। वार्डेन संगीता कुमारी ने इस वायरल वीडियो को साजिश का हिस्सा बताते हुए कहा कि उन्होंने पहले ही संबंधित अधिकारियों को जलजमाव की समस्या से अवगत कराया था, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।



















