Bihar News: सरकारी अस्पतालों में अब हाईटेक होगी आंखों की सर्जरी, Eye OPD और Eye OT होंगे अपग्रेड

बिहार सरकार ने राज्य में नेत्र चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। स्वास्थ्य विभाग ने सात निश्चय-3 योजना के तहत जिला और अनुमंडल
बिहार सरकार ने राज्य में नेत्र चिकित्सा सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। स्वास्थ्य विभाग ने सात निश्चय-3 योजना के तहत जिला और अनुमंडलीय अस्पतालों में संचालित Eye OPD और Eye Operation Theatre (Eye OT) की सुविधाओं को आधुनिक बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पहल के तहत, सभी अस्पतालों में उपलब्ध उपकरणों का गैप एनालिसिस कराया जाएगा, ताकि जहां कमी है, वहां आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके। स्वास्थ्य विभाग का यह प्रयास है कि लोगों को आंखों के इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता न पड़े। इसके लिए जिला और अनुमंडलीय अस्पतालों में आधुनिक उपकरण, प्रशिक्षित मानव संसाधन और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक को उसके नजदीकी सरकारी अस्पताल में गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएं मिलें। उन्होंने कहा कि Eye OPD और Eye OT को आधुनिक उपकरणों और आवश्यक संसाधनों से सशक्त किया जा रहा है, ताकि आंखों की बीमारियों का समय पर इलाज और ऑपरेशन जिला स्तर पर ही किया जा सके। इससे मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी और अनावश्यक रेफरल के मामलों में भी कमी आएगी। स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार, सभी जिला और अनुमंडलीय अस्पतालों में भारतीय जन स्वास्थ्य मानक (IPHS) के अनुरूप Eye OPD और Eye OT में उपलब्ध उपकरणों की समीक्षा की जाएगी। इस दौरान अस्पतालों में वास्तविक जरूरत का आकलन किया जाएगा।


















