Inspection of Seed Quality: बिहार में शारदीय बीज के 162 नमूने निकले नकली, बीज कंपनियों पर होगी कार्रवाई

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को पटना स्थित रसायन भवन में गुण नियंत्रण एवं बीज विश्लेषण प्रयोगशाला का औचक निरीक्षण किया
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को पटना स्थित रसायन भवन में गुण नियंत्रण एवं बीज विश्लेषण प्रयोगशाला का औचक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रयोगशालाओं की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों और विभिन्न नमूनों की जांच व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। मंत्री ने बताया कि शारदीय (खरीफ) मौसम के लिए 20,000 बीज नमूनों की जांच का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अब तक 11,236 बीज नमूनों का संग्रहण और परीक्षण किया जा चुका है, जिनमें से 162 नमूने अमानक पाए गए हैं। इन अमानक बीजों की बिक्री पर रोक लगाने के साथ ही संबंधित संस्थानों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस प्रकार की कार्रवाई से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कृषि मंत्री ने प्रयोगशालाओं में संचालित परीक्षण कार्यों, आधुनिक उपकरणों, मानव संसाधन, परीक्षण क्षमता और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने आवश्यक निर्देश दिए कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उर्वरक और कीटनाशी उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मंत्री ने कहा कि निर्धारित मानकों के अनुरूप निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण जांच सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गुणवत्ता और मानकों से किसी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा और सभी नमूनों की जांच वैज्ञानिक और विधिसम्मत प्रक्रिया के अनुसार की जानी चाहिए।
















