Bus accident in Jhansi: चालक को झपकी आने से डंपर से यात्रियों से भरी बस की टक्कर, चालक समेत दो की मौत

झांसी में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें प्रयागराज से विदिशा (मध्य प्रदेश) जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस ने सड़क किनारे खड़े डंपर से टक्कर मार दी
झांसी में बुधवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें प्रयागराज से विदिशा (मध्य प्रदेश) जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस ने सड़क किनारे खड़े डंपर से टक्कर मार दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना बस के चालक को झपकी आने के कारण हुई। घटना झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ागांव थाना क्षेत्र के पारीछा थर्मल पावर प्लांट के सामने हुई, जहां इस दुर्घटना में बस चालक इस्लाम बेग और एक यात्री कान्हा की मौत हो गई। इसके अलावा, तीन अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में रिफर कर दिया गया। अन्य यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना का मुख्य कारण चालक को नींद की झपकी आना था। बस जब पारीछा थर्मल पावर प्लांट के सामने पहुंची, तब चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर डंपर से टकरा गई।
















