Chandigarh RDX Conspiracy: चंडीगढ़ को दहलाने की साजिश, गैंगस्टर पासियां के गुर्गों पर मुकदमा

चंडीगढ़ में गैंगस्टर हैप्पी पासियां के तीन गुर्गों के खिलाफ जिला अदालत में मुकदमा चलाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ये तीनों आरोपी आरडीएक्स के जरिए चंडीगढ़ को द
चंडीगढ़ में गैंगस्टर हैप्पी पासियां के तीन गुर्गों के खिलाफ जिला अदालत में मुकदमा चलाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। ये तीनों आरोपी आरडीएक्स के जरिए चंडीगढ़ को दहलाने की साजिश में शामिल थे। पुलिस ने इन आरोपियों को पिछले साल सेक्टर-39 जीरी मंडी चौक के पास से गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से करीब ढाई किलोग्राम आरडीएक्स, एक रिमोट कंट्रोल, दो पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। पुलिस के अनुसार, इनका इरादा शहर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देना था। अदालत ने इन आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप तय किए हैं और सुनवाई 25 अगस्त से शुरू होगी। अदालत ने गवाहों को अगली तारीख पर पेश होने के लिए समन भी जारी कर दिए हैं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला, सुमनदीप सिंह उर्फ सिम्मा और हरवंत सिंह उर्फ हैरी शामिल हैं। इन सभी का संबंध गैंगस्टर हैप्पी पासियां की गैंग से है। पुलिस ने बताया कि इन तीनों के खिलाफ पहले भी कई सनसनीखेज वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। जोबनजीत सिंह को पहले भी पंजाब में कई आपराधिक मामलों में संलिप्त पाया गया था। पुलिस की जांच में यह भी सामने आया है कि उसे हैप्पी पासियां और उसके विदेश में बैठे सहयोगियों से हथियार, नकदी और अन्य सहायता मिलती थी। यह भी पता चला है कि पासियां ने पिछले साल जोबनजीत को 50 हजार रुपये भी भेजे थे।
















