Delhi Police Action Against Offensive Posts: पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट पर दिल्ली पुलिस का एक्शन

दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य संवैधानिक प्रमुखों के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए आपत्तिजनक और मानहानिकारक कंटेंट के मामले में एफआईआर दर
दिल्ली पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य संवैधानिक प्रमुखों के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए आपत्तिजनक और मानहानिकारक कंटेंट के मामले में एफआईआर दर्ज की है। यह कार्रवाई तब की गई जब पुलिस ने पाया कि ऐसे कंटेंट जंतर-मंतर पर काकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध-प्रदर्शन के दौरान पोस्ट किए गए थे। पुलिस ने एक्स और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्मों को पत्र लिखकर इस तरह के कंटेंट को हटाने और इसे पोस्ट करने वाले यूजर्स की जानकारी देने का अनुरोध किया है। सूत्रों के अनुसार, इस मामले में स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशन्स (आईएफएसओ) यूनिट में आपराधिक धमकी, सार्वजनिक उपद्रव और मानहानि के आरोपों के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा कि इस प्रकार के आपत्तिजनक कंटेंट के प्रसार से प्रधानमंत्री की प्रतिष्ठा और सार्वजनिक छवि को गंभीर नुकसान पहुंचा है।
दिल्ली पुलिस ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि इस तरह के कंटेंट के लगातार उपलब्ध रहने से कानून-व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हो सकती है और बेवजह राजनीतिक विवाद पैदा हो सकता है। पुलिस ने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्मों को निर्देश दिया है कि वे सूचना मिलने के तीन घंटे के भीतर सभी संबंधित अकाउंट्स और यूआरएल को हटा दें या उन तक पहुंच बंद कर दें। इसके साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया जाए कि सबूत के तौर पर संबंधित डेटा, लॉग और सब्सक्राइबर की जानकारी सुरक्षित रखी जाए। पुलिस ने ऐसे करीब 500 इंटरनेट मीडिया अकाउंट्स की पहचान की है, जिन्होंने विरोध-प्रदर्शनों से जुड़े डीपफेक और एआई-जनरेटेड कंटेंट शेयर किए थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि इन अकाउंट्स को संबंधित इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म के जरिए ब्लॉक करने की सिफारिश की गई है।
















