Fraud in Kangra: विदेश भेजने के नाम पर 1.07 लाख रुपये की ठगी

कांगड़ा के खुंडियां में वर्क परमिट के नाम पर धोखाधड़ी का एक नया मामला सामने आया है। मोहाली स्थित एक वीजा कंपनी ने एक व्यक्ति को पश्चिमी यूरोप के देश लक्जमबर्ग क
कांगड़ा के खुंडियां में वर्क परमिट के नाम पर धोखाधड़ी का एक नया मामला सामने आया है। मोहाली स्थित एक वीजा कंपनी ने एक व्यक्ति को पश्चिमी यूरोप के देश लक्जमबर्ग का वर्क परमिट दिलाने का झांसा देकर उससे 1.07 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित सुजान सिंह ने खुंडियां पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके बाद पुलिस ने कंपनी के प्रतिनिधियों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की है। सुजान सिंह ने बताया कि लॉर्ड्स ऑफ वीजा नामक कंपनी के प्रतिनिधियों ने उन्हें लक्जमबर्ग में काम करने का भरोसा दिया था और इसके लिए विभिन्न मदों के तहत उनसे पैसे लिए गए। लेकिन जब तय समय बीत गया, तब न तो उन्हें वर्क परमिट मिला और न ही उनके पैसे लौटाए गए। इस धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह घटना थाना मटौर, जिला मोहाली, पंजाब के क्षेत्राधिकार में आती है। इस कारण से खुंडियां पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामले को संबंधित पुलिस थाना मटौर को स्थानांतरित कर दिया है। एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि चूंकि यह मामला मोहाली पुलिस थाना क्षेत्र से संबंधित है, इसलिए प्राथमिकी दर्ज कर केस को पंजाब के थाना मटौर को भेजा गया है। अब इस मामले की आगे की जांच संबंधित पुलिस द्वारा की जाएगी। पुलिस ने पीड़ित से प्राप्त जानकारी के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की है।















