Rescue operation in Gorakhpur: पुलिस ने 120 मिनट में लापता बच्ची को किया बरामद

गोरखपुर जिले में हाल के दिनों में बच्चों के अपहरण की घटनाओं के बीच शुक्रवार को चिलुआताल पुलिस ने एक मासूम बच्ची की खोज में तेजी से कार्रवाई की। यह घटना तब हुई ज
गोरखपुर जिले में हाल के दिनों में बच्चों के अपहरण की घटनाओं के बीच शुक्रवार को चिलुआताल पुलिस ने एक मासूम बच्ची की खोज में तेजी से कार्रवाई की। यह घटना तब हुई जब एक नौ वर्षीय बालिका अपनी मां की डांट से नाराज होकर घर से चली गई। जैसे ही परिवार ने बच्ची के लापता होने की सूचना दी, पुलिस ने तुरंत अपहरण का मुकदमा दर्ज कर पांच टीमों का गठन किया। पुलिस ने बिना किसी देरी के कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच की और स्थानीय स्तर पर खोजबीन शुरू की। इस त्वरित कार्रवाई के परिणामस्वरूप बच्ची को महज दो घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि बच्ची घर से लगभग एक किलोमीटर दूर अपनी सहेली के घर पर थी।
बच्ची के लापता होने की सूचना मिलने के बाद परिवार ने पहले रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अपराह्न तीन बजे तक बच्ची का पता न चलने पर परिवार की चिंता बढ़ गई। इसके बाद शाम 5:05 बजे मां ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की। थानाध्यक्ष सूरज सिंह ने पांच टीमें गठित की और संभावित मार्गों पर तलाश शुरू कराई। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार और सीओ कैंपियरगंज अनुराग सिंह भी घटना स्थल पर पहुंचे और पुलिस ने गांव और आसपास के इलाकों की घेराबंदी की।
















