Vandalism in Jamui: रात के अंधेरे में किऊल नहर काटने की कोशिश, पुलिस ने किया प्रयास विफल

जमुई में एक बड़ी साजिश को पुलिस और सिंचाई विभाग की तत्परता ने विफल कर दिया है। शुक्रवार रात को खैरा प्रखंड के बरियारपुर गांव के निकट गिद्धेश्वर पहाड़ी के पास कु
जमुई में एक बड़ी साजिश को पुलिस और सिंचाई विभाग की तत्परता ने विफल कर दिया है। शुक्रवार रात को खैरा प्रखंड के बरियारपुर गांव के निकट गिद्धेश्वर पहाड़ी के पास कुछ शरारती तत्वों ने निर्माणाधीन अपर किऊल मुख्य नहर को काटने का प्रयास किया। यह घटना रात करीब 10:30 बजे हुई, जब इन उपद्रवियों ने नहर को काटकर जल प्रवाह को बाधित करने की कोशिश की। जैसे ही इस घटना की सूचना मिली, कार्यपालक अभियंता, सिंचाई प्रमंडल ने तुरंत पुलिस अधीक्षक और अनुमंडल पदाधिकारी को सूचित किया। इसके बाद खैरा थाना की रात्रि गश्ती टीम सिंचाई विभाग के अभियंताओं के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस बल को देखकर उपद्रवी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके पर जांच के दौरान नहर के 6980 मीटर बिंदु पर करीब दो फीट हिस्से को काटा हुआ पाया गया। इसके अलावा, क्रास ड्रेनेज (सीडी) को भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त किया गया था, जिससे नहर का पानी डूंडो-नर्वदा की ओर मोड़ने का प्रयास किया गया था।
पुलिस और सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह कृत्य नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था को प्रभावित करने के उद्देश्य से किया गया प्रतीत होता है। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि 7700 मीटर के पास एक आउटलेट और स्लोप को भी आंशिक नुकसान पहुंचाया गया था। कार्यपालक अभियंता ने कहा कि संबंधित स्थल पर फिलहाल केवल मिट्टी का कार्य पूरा हुआ है, जबकि पीसीसी लाइनिंग का कार्य अभी बाकी है। उन्होंने बताया कि लाइनिंग पूरी होने के बाद ही दोनों ओर के आउटलेट से पूरी क्षमता के साथ पानी छोड़ा जाएगा। लेकिन इस तोड़फोड़ के कारण सिकंदरा की ओर नहर के टेल एंड तक पानी पहुंचने में परेशानी हो सकती है।
















