Fraud Scheme Targeting Americans: ग्वालियर के होटल से चल रहा था अमेरिकी नागरिकों को ठगने का खेल, 29 बैंक खाते चिह्नित; सरगना की तलाश में गुजरात जाएगी पुलिस

ग्वालियर के एक होटल में अमेरिकी नागरिकों से ठगी करने के मामले में चार आरोपितों को जेल भेजा गया है। इन आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल और लैपटॉप की जांच के दौरान
ग्वालियर के एक होटल में अमेरिकी नागरिकों से ठगी करने के मामले में चार आरोपितों को जेल भेजा गया है। इन आरोपितों के पास से बरामद मोबाइल और लैपटॉप की जांच के दौरान 29 ऐसे बैंक खातों की पहचान की गई है, जिनका उपयोग ठगी की रकम के लेन-देन में किया जाता था। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इन खातों के माध्यम से प्रतिदिन लगभग 50 हजार रुपये से अधिक का अवैध लेन-देन किया जा रहा था, जो कि अमेरिकी नागरिकों से ठगी के जरिए प्राप्त की गई धनराशि थी। जब्त किए गए सात मोबाइल फोन को साइबर फोरेंसिक विशेषज्ञों के पास भेजा गया है, ताकि उनकी तकनीकी जांच और डाटा रिकवरी की जा सके।
पुलिस ने 25 जुलाई को ग्वालियर-शिवपुरी हाईवे पर मोहना क्षेत्र में होटल जैनपथ के एक कमरे से इस अंतरराष्ट्रीय कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया था। गिरफ्तार किए गए चार आरोपितों में राजपूत अभिषेक, आर्यन राजपूत, शुभोम घोष और शिवेंद्र नरेंद्र सिंह परिहार शामिल हैं। ये सभी अमेरिकी नागरिकों को लोन दिलाने का झांसा देकर ठगते थे और उनसे गिफ्ट वाउचर लेकर उसे रुपये में बदल देते थे। इस गिरोह का मुख्य सरगना प्रबल परिहार है, जो फिलहाल फरार है। उसकी गतिविधियों का दायरा केवल ग्वालियर तक सीमित नहीं है, बल्कि उसने देश के अन्य शहरों में भी बेरोजगार युवाओं को लालच देकर ऐसे अवैध कॉल सेंटर खोले हैं।

















