Highway Travel Made Easy: 'राजमार्ग यात्रा' ऐप से हाईवे पर लोकल पास मिलेगा

संवाद सूत्र, नवहट्टा (सहरसा)। नवहट्टा से गुजरने वाले लोगों के लिए भारत माला प्रोजेक्ट से जुड़ी एनएचएआई ने एक नई पहल शुरू की है, जिससे डिजिटल इंडिया का लाभ उठाना
संवाद सूत्र, नवहट्टा (सहरसा)। नवहट्टा से गुजरने वाले लोगों के लिए भारत माला प्रोजेक्ट से जुड़ी एनएचएआई ने एक नई पहल शुरू की है, जिससे डिजिटल इंडिया का लाभ उठाना संभव हो सकेगा। 'राजमार्ग यात्रा' मोबाइल एप के माध्यम से अब वाहन स्वामियों को टोल प्लाजा पर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इस एप में दो नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं, जो हाईवे पर यात्रा को और भी सरल और सुविधाजनक बनाएंगी। अब यात्री सिर्फ एक क्लिक में मदद प्राप्त कर सकेंगे और टोल प्लाजा के चक्कर काटने से बच सकेंगे। एनएचएआई ने डिजिटल लोकल पास और मार्ग मित्र हेल्प सेंटर की शुरुआत की है, जिसका उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग की यात्रा को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाना है।
इस नई व्यवस्था के तहत, टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोग अब 'राजमार्ग यात्रा' एप के जरिए लोकल पास खरीद सकेंगे। इस पास की मदद से वे महीनेभर उसी टोल प्लाजा से असीमित बार आना-जाना कर सकेंगे। पहले, इसके लिए लोगों को टोल पर जाकर अपने पते और गाड़ी के दस्तावेज जमा करने पड़ते थे, लेकिन अब यह प्रक्रिया पूरी तरह से डिजिटल हो गई है। नई व्यवस्था में डिजीलाकर, वाहन और जीआइएस के माध्यम से पात्रता की जांच की जाएगी। आने वाले महीनों में यह सुविधा देशभर के टोल प्लाजा पर लागू की जाएगी, जिससे यात्रियों को और भी अधिक सुविधा मिलेगी।
















