Rain Havoc: जम्मू-अखनूर नेशनल हाइवे पर पलटी मिनीबस, 9 यात्री घायल

जम्मू: जम्मू-अखनूर राष्ट्रीय मार्ग पर बुधवार सुबह बारिश के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। यह घटना दोमाना थाना क्षेत्र के ड्रीम सिटी मुट्ठी के पास हुई, जहां यात्रि
जम्मू: जम्मू-अखनूर राष्ट्रीय मार्ग पर बुधवार सुबह बारिश के कारण एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। यह घटना दोमाना थाना क्षेत्र के ड्रीम सिटी मुट्ठी के पास हुई, जहां यात्रियों से भरी एक मिनीबस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस दुर्घटना में नौ यात्री घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही दोमाना पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू में उपचार के लिए भेजा। चिकित्सकों ने बताया कि सभी घायलों की स्थिति अब खतरे से बाहर है। घायलों की पहचान रजनी, विक्रम, रिंकू, इखलाक, इरफान, अवंतिका, सुबी, साहिल और रिया के रूप में हुई है, जो सभी पुरखू कैंप और पटोली ब्राह्मणा के निवासी हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह से हो रही बारिश के कारण सड़क पर फिसलन थी। इसी दौरान मिनीबस दोमाना से जम्मू की ओर जा रही थी। ड्रीम सिटी के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और मिनीबस पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिससे आसपास के लोग तुरंत राहत कार्य में जुट गए और पुलिस को सूचना दी। दोमाना पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से जीएमसी अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद क्रेन की सहायता से पलटी हुई मिनीबस को सड़क से हटाया गया, जिससे जम्मू-अखनूर मार्ग पर यातायात सामान्य हो सका। हालांकि, इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही।
















