Job Scam in Jaunpur: नौकरी के बहाने बंधक बनाकर वसूली का आरोप, तीन पर मुकदमा और एक गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, गौराबादशाहपुर (जौनपुर)। जौनपुर के केशवपुर में एक फर्जी कंपनी के कार्यालय से बेरोजगार युवाओं को नौकरी के झांसे में लेकर बंधक बनाकर धन वसूली करने
जागरण संवाददाता, गौराबादशाहपुर (जौनपुर)। जौनपुर के केशवपुर में एक फर्जी कंपनी के कार्यालय से बेरोजगार युवाओं को नौकरी के झांसे में लेकर बंधक बनाकर धन वसूली करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। इस मामले में एक आरोपित को रविवार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य सरगना राहुल राजभर पहले से ही एक अन्य मामले में जेल में बंद है। यह कार्रवाई मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के देवगौड़ा थाना क्षेत्र के सेवाखेरा बिजरौन निवासी पीड़ित अभिषेक पाल की तहरीर पर की गई है। अभिषेक पाल ने बताया कि लगभग पांच महीने पहले उसका संपर्क ग्वालियर (मध्य प्रदेश) के गुलाबपुरी बड़गांव निवासी पतिराम जाटव से हुआ था। पतिराम ने उसे बताया कि यूपी के वाराणसी जिले के सिंधोरा थाना क्षेत्र के गढ़खड़ा गांव का राहुल राजभर केशवपुर में रायल हेल्थ इंडिया एमएस अर्थ एसोसिएट नामक कंपनी चला रहा है। इस कंपनी में बेरोजगार युवकों को 22 हजार रुपये मासिक वेतन पर नौकरी देने का झांसा दिया गया। इसके बाद पतिराम ने अभिषेक को अपने साथ जौनपुर में प्रसाद तिराहा के पास एक मकान में ले जाकर वहां राहुल राजभर और उमा देवी रैकवार से मिलवाया। तीनों ने मिलकर अभिषेक से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के नाम पर एक हजार रुपये लिए और 27 हजार रुपये नकद जमा कराए। उन्हें यह आश्वासन दिया गया कि अगले महीने से उन्हें 22,000 रुपये प्रति माह सैलरी मिलेगी।
अभिषेक पाल ने आगे बताया कि उस मकान में पहले से ही सुलतानपुर जिले के पंकज कुमार, झांसी के राजेश कुमार, देव वर्मा, लखनऊ के सचिन तिवारी, मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के अनिल कुमार अहिरवार और निधि प्रजापति को भी बंधक बनाया गया था। आरोपितों ने इन युवाओं को आपस में बातचीत करने से मना किया और जान से मारने की धमकी देकर जबरन 28-28 हजार रुपये वसूल किए। शुक्रवार की रात, किसी तरह मौका पाकर सभी बंधक बने युवक वहां से भाग निकले और शनिवार को थाने पहुंचकर पुलिस को अपनी आपबीती सुनाई। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी गंगा सागर मिश्र की टीम ने रविवार की दोपहर पतिराम जाटव को शीलता कॉलोनी स्थित एक भवन में दबिश देकर गिरफ्तार किया। इस टीम में मामले की विवेचना कर रहे कस्बा गौरा पुलिस चौकी प्रभारी रवि प्रकाश, उपनिरीक्षक रामलाल, कांस्टेबल नागेंद्र पासवान और राहुल कुमार शामिल थे। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है और अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

















