Cheetah spotted in residential area: कूनो से निकला चीता रिहाइशी इलाके में पहुंचा, गांव में मची हलचल

ग्वालियर के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से एक चीता शनिवार को मानपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव के पास रिहायशी इलाके में पहुंच गया। जैसे ही गांव के नजदीक ची
ग्वालियर के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से एक चीता शनिवार को मानपुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर गांव के पास रिहायशी इलाके में पहुंच गया। जैसे ही गांव के नजदीक चीते की मौजूदगी की खबर फैली, आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग उसे देखने के लिए उमड़ पड़े। ग्रामीणों ने सुरक्षित दूरी से चीते को देखा और कई लोगों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। यह दृश्य ग्रामीणों के लिए एक अद्भुत अनुभव था, क्योंकि वे लंबे समय से कूनो में चीता देखने की इच्छा रखते थे। हालांकि, इस उत्साह के साथ-साथ बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं भी व्यक्त की गईं। ग्रामीणों का कहना है कि चीता एक वन्यजीव है, इसलिए उसके व्यवहार को लेकर सतर्क रहना आवश्यक है।
चीते की सूचना मिलते ही वन विभाग की ट्रैकिंग टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे चीते से दूरी बनाए रखें और शोर-शराबा न करें, ताकि चीता विचलित न हो सके और सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ सके। ट्रैकिंग टीम लगातार चीते की गतिविधियों पर नजर रख रही है। बताया जा रहा है कि चीता दिनभर शंकरपुर के आसपास पेड़ों की छांव और तराई वाले इलाकों में रहा। धूप कम होने के बाद उसकी गतिविधियां चंबल नदी की दिशा में बढ़ती दिखाई दीं। चंबल नदी यहां से ज्यादा दूर नहीं है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि यदि चीता वापस कूनो की ओर नहीं लौटा, तो वह चंबल पार कर राजस्थान की सीमा में प्रवेश कर सकता है।
















