Airport Expansion in Kangra: मांझी खड्ड पर बनेगा देश का दूसरा रनवे ब्रिज

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए मांझी खड्ड पर बनने वाले रनवे ब्रिज की योजना को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुणे स्थित
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा एयरपोर्ट के विस्तार के लिए मांझी खड्ड पर बनने वाले रनवे ब्रिज की योजना को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पुणे स्थित केंद्रीय जल एवं विद्युत अनुसंधान केंद्र (सीडब्ल्यूपीआरएस) के विशेषज्ञ अरुण कुमार और वाटर एंड पावर कंसल्टेंसी सर्विसेज (इंडिया) लिमिटेड की टीम ने भाग लिया। बैठक में खड्ड के ऊपर बनने वाले पुल के तकनीकी पहलुओं, सुरक्षा मानकों और पानी के बहाव से संबंधित डिजाइन का गहन आकलन किया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि यह पुल अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप रनवे ब्रिज के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे एयरपोर्ट की क्षमता में वृद्धि होगी।
पुल की लंबाई लगभग 380 मीटर और चौड़ाई 360 मीटर होगी, जो बड़े जेट विमानों जैसे एयरबस ए-320 और बोइंग-737 के सुरक्षित लैंडिंग और टेकऑफ की सुविधा प्रदान करेगी। बैठक के बाद, विशेषज्ञों ने पुल का स्पॉट विजिट किया और सभी तकनीकी पहलुओं की जांच की। सहायक प्रबंधक शैलेश कुमार ने बताया कि पुल के डिजाइन को जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा, जिससे निर्माण कार्य में तेजी लाई जा सके।
कांगड़ा एयरपोर्ट का यह विस्तार हिमाचल प्रदेश के पर्यटन और आर्थिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह देश का दूसरा रनवे ब्रिज होगा, जिससे बड़े विमानों की आवाजाही संभव होगी। इससे धर्मशाला, मैक्लोडगंज और पूरे प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि की उम्मीद है। बैठक में पर्यटन विभाग के अतिरिक्त निदेशक रोबिन, जिला पर्यटन विकास अधिकारी विनय धीमान, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता, जलशक्ति विभाग के मुख्य अभियंता, सीडब्ल्यूपीआरएस (पुणे) के विशेषज्ञ अरुण कुमार और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित थे।
















