Political uproar in Amritsar: चन्नी के खिलाफ विवादित पोस्टरों से मचा सियासी बवाल

अमृतसर में पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान अब सड़कों पर भी नजर आने लगी है। पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ शहर के विभिन्न इलाक
अमृतसर में पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान अब सड़कों पर भी नजर आने लगी है। पूर्व मुख्यमंत्री और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी के खिलाफ शहर के विभिन्न इलाकों में विवादित पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से चन्नी को पार्टी से बाहर करने की मांग की गई है। इसके साथ ही उन पर भारतीय जनता पार्टी के करीब होने के आरोप भी लगाए गए हैं। यह घटनाक्रम पंजाब की राजनीति में नई चर्चाओं का कारण बन गया है। बुधवार की सुबह जब लोग सैर पर निकले, तो उनकी नजर इन पोस्टरों पर पड़ी। पोस्टरों की भाषा और आरोपों को देखकर लोग कुछ देर रुककर उन्हें पढ़ते रहे। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से इन पोस्टरों के फोटो और वीडियो बनाए, जो तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इस घटना के बाद पूरे शहर में इन पोस्टरों की चर्चा होती रही।
पोस्टरों में चरणजीत सिंह चन्नी को निशाना बनाते हुए कई नारे लिखे गए हैं। एक पोस्टर में लिखा गया, "घर-घर दे विच चली गल, चन्नी चल्या भाजपा वल।" दूसरे पोस्टर में लिखा है, "राहुल गांधी से कांग्रेसियों की एक ही पुकार, चन्नी को कांग्रेस से करो बाहर।" वहीं एक अन्य पोस्टर में सवाल किया गया है, "चन्नी जी, आपने भाजपा की क्यों मानी जी? सामने आओ चन्नी जी।" इन नारों को लेकर पूरे दिन राजनीतिक हलकों में चर्चा बनी रही। हालांकि, इन पोस्टरों को किसने लगाया, इसकी अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कांग्रेस की ओर से भी इस पूरे घटनाक्रम पर कोई अधिकृत बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में पोस्टर लगाने वालों की पहचान और उनके उद्देश्य को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
















