Terrorist Attack in Kulgam: कुलगाम आतंकी हमला, PDP, NC और BJP ने उठाए सवाल

राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के केलम कुलगाम में दो गैर स्थानीय श्रमिकों की हत्या के मामले में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती
राज्य ब्यूरो, श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के केलम कुलगाम में दो गैर स्थानीय श्रमिकों की हत्या के मामले में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी और पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने सुरक्षा व्यवस्था में चूक को जिम्मेदार ठहराते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। भाजपा ने भी इस हमले के लिए सुरक्षा में चूक को जिम्मेदार ठहराया है, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि आतंकवाद के सफाए के लिए सुरक्षाबलों को प्रभावी अभियान चलाना चाहिए। भाजपा के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि इस तरह के हमले कश्मीर की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाते हैं और यह कश्मीर की तरक्की के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों को पूरी छूट मिलनी चाहिए ताकि वे आतंकियों का सफाया कर सकें।
जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने कहा कि जब बार-बार आतंकवाद खत्म होने का दावा किया जा रहा है, तो ऐसे हमले कैसे हो रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से हस्तक्षेप करने की अपील की है। चौधरी ने कहा कि यह जानना जरूरी है कि हमलावर क्षेत्र में कैसे घुसे और अगर इसके पीछे पाकिस्तान का हाथ है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। महबूबा मुफ्ती ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि रोजगार के लिए दूर-दराज से आने वाले गरीब मजदूरों को निशाना बनाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने पीड़ितों के परिवारों को मुआवजा देने और सुरक्षा खामियों की जांच की मांग की।
















