Sports Grounds in Bihar: हर पंचायत में होगा अपना खेल मैदान, 5285 बनकर तैयार

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार ने राज्य के सभी 8,050 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में अब तक 5,317 पंचा
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार सरकार ने राज्य के सभी 8,050 ग्राम पंचायतों में खेल मैदान बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस दिशा में अब तक 5,317 पंचायतों में खेल मैदानों के निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। वर्तमान में, 5,285 खेल मैदान पूरी तरह से बनकर तैयार हो चुके हैं, जबकि 32 मैदानों का निर्माण अंतिम चरण में है। ग्रामीण विकास और सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री श्रवण कुमार ने बताया कि पूर्वी चंपारण जिले में सबसे अधिक 307 पंचायतों में खेल मैदान का निर्माण सफलतापूर्वक पूरा किया गया है। इसके अलावा, मुजफ्फरपुर में 263, मधुबनी में 257, गया में 218, समस्तीपुर में 194, पश्चिम चंपारण में 176, पूर्णिया में 173, नवादा में 169, सारण में 168, रोहतास में 166, बांका में 162, दरभंगा में 156, सीवान में 155, भोजपुर में 154, कटिहार में 151, नालंदा में 150 और पटना में 126 मैदानों का निर्माण भी पूरा हो चुका है।
बिहार सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में खेल अवसंरचना के विकास को नई गति दी है। पंचायत स्तर पर खेल मैदानों का निर्माण, प्रखंड स्तरीय स्टेडियम, आधुनिक खेल परिसर और अंतरराष्ट्रीय मानकों की खेल सुविधाओं का विकास, सभी मिलकर राज्य में खेल का नया माहौल तैयार कर रहे हैं। राजगीर में विश्वस्तरीय खेल परिसर और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण, राज्य खेल 2026 जैसे बड़े आयोजनों की तैयारी, और गांव-गांव खेल मैदानों का विस्तार यह दर्शाता है कि बिहार खेल विकास के नए युग में प्रवेश कर चुका है।
















