Landslide in Himachal: किन्नौर में दो स्थानों पर भूस्खलन, राष्ट्रीय राजमार्ग-5 बाधित

जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में शुक्रवार सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (एनएच-5) पर दो स्थानों पर भू
जागरण संवाददाता, शिमला। हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर में शुक्रवार सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-5 (एनएच-5) पर दो स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। जानकारी के अनुसार, चौरा के निकट पहाड़ी से भारी चट्टानें गिरने के कारण एनएच-5 पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया। इस घटना की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम मौके पर पहुंची और करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सड़क से मलबा और चट्टानें हटाकर मार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया। इसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो गया।
इसके अलावा, नाथपा के समीप भी पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण एनएच-5 अवरुद्ध हो गया। संबंधित एजेंसियां इस मार्ग को बहाल करने के कार्य में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि सुबह करीब साढ़े दस बजे तक मार्ग को बहाल करने की उम्मीद है। इस बीच, नाथपा क्षेत्र में वैकल्पिक मार्ग के माध्यम से वाहनों की आवाजाही सुचारु रूप से जारी है। प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और सड़क की स्थिति को देखते हुए सावधानी बरतने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
















