Threat to blow up Gurugram District Court: गुरुग्राम जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी, कामकाज ठप; सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

महावीर यादव, बादशाहपुर (गुरुग्राम)। शुक्रवार को गुरुग्राम जिले की जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अदालत का कामकाज पूरी तरह से ठप कर
महावीर यादव, बादशाहपुर (गुरुग्राम)। शुक्रवार को गुरुग्राम जिले की जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अदालत का कामकाज पूरी तरह से ठप कर दिया गया है। यह धमकी जिला बार एसोसिएशन (डीबीए) की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर प्राप्त हुई थी, जिसके बाद अदालत परिसर में सुरक्षा अलर्ट घोषित किया गया। सुरक्षा कारणों से सभी अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वादकारियों को अदालत परिसर खाली करने के लिए कहा गया। इस संदर्भ में डीबीए द्वारा जारी एक नोटिस में स्पष्ट किया गया कि बम की धमकी के कारण शुक्रवार को किसी भी प्रकार का न्यायिक कार्य नहीं किया जाएगा। सभी अधिवक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी सुरक्षा का ध्यान रखते हुए तुरंत अदालत परिसर छोड़कर घर लौट जाएं। इसके साथ ही, जिला एवं सत्र न्यायाधीश से यह भी आग्रह किया गया है कि शुक्रवार को सूचीबद्ध सभी मामलों की सुनवाई को स्थगित कर अगली तारीख दी जाए।
धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। उन्होंने अदालत परिसर की गहन तलाशी शुरू की और सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया। अदालत में आने वाले लोगों की आवाजाही पर भी निगरानी रखी जा रही है। सुरक्षा जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिला बार एसोसिएशन के सचिव राहुल धनखड़ ने अपने सभी सदस्यों से प्रशासन का सहयोग करने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस इस ई-मेल को भेजने वाले की पहचान करने और धमकी की सत्यता का पता लगाने में जुटी हुई है।















