Golden Hat-trick at 80: रिटायर्ड एएसपी दुर्गा चरण मिश्रा ने जीते तीन स्वर्ण पदक

जागरण संवाददाता, अनुगुल (ओडिशा)। 80 वर्ष की आयु में जहां अधिकांश लोग जीवन की गति को धीमा कर लेते हैं, वहीं कालाहांडी के सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्ग
जागरण संवाददाता, अनुगुल (ओडिशा)। 80 वर्ष की आयु में जहां अधिकांश लोग जीवन की गति को धीमा कर लेते हैं, वहीं कालाहांडी के सेवानिवृत्त अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गा चरण मिश्रा ने अपनी अदम्य जिजीविषा और अनुशासन के साथ अंतरराष्ट्रीय खेलों में एक नई मिसाल कायम की है। हाल ही में नेपाल के पोखरा में आयोजित एसबीकेएफ इंटरनेशनल गेम्स-2026 में उन्होंने 80 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। मिश्रा ने शॉटपुट, डिस्कस थ्रो और भाला फेंक की तीनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर गोल्डन हैट्रिक पूरी की। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल कालाहांडी जिले, बल्कि पूरे ओडिशा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गर्वित किया है। प्रतियोगिता में भारत, नेपाल और श्रीलंका के लगभग 300 अनुभवी एथलीटों ने भाग लिया।
कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच, मिश्रा ने अपने अनुभव और निरंतर अभ्यास के बल पर तीनों स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। खेलों के प्रति उनका लगाव नया नहीं है। युवावस्था में दुर्गा चरण मिश्रा फुटबॉल और वॉलीबॉल के बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं और उन्होंने ओडिशा टीम की कप्तानी भी की है। पुलिस सेवा के दौरान भी उन्होंने खेलों के प्रति अपनी रुचि को बनाए रखा और सेवानिवृत्ति के बाद खेल मैदान को अपनी नई कर्मभूमि बना लिया। मास्टर्स एथलीट के रूप में, मिश्रा ने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व किया है और अनेक पदक जीते हैं।
















