Murder of Youth in Delhi Park: महिला मित्र से छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवक की हत्या

दिल्ली के बाहरी क्षेत्र में स्थित अशोक विहार के खिम्मन सिंह पार्क में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह घटना तब हुई जब युवक अपनी महिला मित्र के साथ पा
दिल्ली के बाहरी क्षेत्र में स्थित अशोक विहार के खिम्मन सिंह पार्क में एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। यह घटना तब हुई जब युवक अपनी महिला मित्र के साथ पार्क में बैठा था। पुलिस ने इस मामले में महज कुछ घंटों के भीतर पांच नाबालिग आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह वारदात महिला के प्रति अश्लील टिप्पणियों को लेकर हुए विवाद से शुरू हुई थी। पकड़े गए आरोपितों में से एक की उम्र मात्र 13 वर्ष है, जबकि अन्य चार की उम्र 14 से 17 वर्ष के बीच है। पुलिस अब मामले की गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के अनुसार, एटा, उत्तर प्रदेश के निवासी सुनील अपनी महिला मित्र देवकी के साथ पार्क में बैठे थे। इसी दौरान वहां पांच नाबालिग पहुंचे और देवकी पर फब्तियां कसने लगे। जब सुनील ने इसका विरोध किया, तो कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही समय में आरोपितों ने चाकू निकाल लिया और सुनील पर कई वार किए। जब देवकी ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो उसे भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। वारदात के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी आकाश रावत के नेतृत्व में थाना प्रभारी राम किशोर और भारत नगर थाना पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। तकनीकी जानकारी और स्थानीय साक्ष्यों के आधार पर, पुलिस ने पहले एक नाबालिग को हिरासत में लिया और उसकी निशानदेही पर बाकी चार आरोपितों को भी पकड़ लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि सभी आरोपित पास के सरकारी स्कूल के छात्र हैं। स्कूल की छुट्टी के बाद वे पार्क पहुंचे थे, जहां मामूली कहासुनी कुछ ही मिनटों में खूनी वारदात में बदल गई। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि क्या यह घटना अचानक हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। बुधवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुए इस हमले में गंभीर रूप से घायल सुनील की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि देवकी का उपचार जारी है। मामले की जांच आगे बढ़ रही है और पुलिस दोनों के स्वजनों से भी पूछताछ कर रही है।
















