Muzaffarpur ATM Fraud Mastermind Arrested: मुजफ्फरपुर में एटीएम फ्रॉड गिरोह का मास्टरमाइंड सन्नी बाबा गिरफ्तार

बिहार के मुजफ्फरपुर में एटीएम से ग्राहकों को ठगी का शिकार बनाने वाले अंतर जिला गिरोह का खुलासा हुआ है। अहियापुर थाना पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सन्नी बाबा उर
बिहार के मुजफ्फरपुर में एटीएम से ग्राहकों को ठगी का शिकार बनाने वाले अंतर जिला गिरोह का खुलासा हुआ है। अहियापुर थाना पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड सन्नी बाबा उर्फ ऋषव को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से विभिन्न बैंकों के 74 एटीएम कार्ड और पांच ब्लैक कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, ब्लैक कार्ड का उपयोग क्लोन कार्ड बनाने में किया जाता था।
सन्नी बाबा मूल रूप से औराई थाना क्षेत्र के बसुआ गांव का निवासी है, और वह अहियापुर इलाके में एटीएम फ्रॉड की वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस का दावा है कि इस गिरोह में लगभग 10 से 15 शातिर युवक शामिल हैं। गिरोह ने मुजफ्फरपुर सहित आसपास के जिलों में 100 से अधिक ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया है। इसके खिलाफ विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
नगर एसडीपीओ विनीता सिन्हा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एटीएम कार्ड बदलकर धोखाधड़ी करने वाला गिरोह अहियापुर इलाके में सक्रिय है। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बड़ा जगन्नाथ स्थित इंदिरा नर्सिंग होम के पीछे किराए के मकान में छापेमारी की। यहां से सन्नी बाबा उर्फ ऋषव को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान विभिन्न बैंकों के 74 एटीएम कार्ड और पांच ब्लैक कार्ड बरामद किए गए।
पुलिस की पूछताछ में गिरोह के ठगी करने के तरीके का खुलासा हुआ है। गिरोह के सदस्य पहले से एटीएम के आसपास मौजूद रहते थे। जैसे ही कोई ग्राहक पैसे निकालने के लिए पहुंचता, शातिर मदद के बहाने उसके पास पहुंच जाते। आरोपी एटीएम मशीन में जुगाड़ लगाकर ग्राहक का कार्ड फंसा देते थे। इसके बाद मशीन के अंदर मौजूद कस्टमर केयर नंबर की जगह अपना मोबाइल नंबर लिख देते थे। ग्राहक को यह विश्वास दिलाया जाता था कि बैंक के कस्टमर केयर से बात कर कार्ड निकलवाया जाएगा। ग्राहक के एटीएम से बाहर निकलते ही गिरोह के सदस्य मशीन से असली कार्ड निकाल लेते थे और फिर ब्लैक कार्ड की मदद से क्लोन कार्ड तैयार कर खाते से रुपये निकाल लेते थे।
















