H-1B वीजा पर 60 दिन का ग्रेस पीरियड खत्म करने की तैयारी: अमेरिका में काम कर रहे भारतीयों पर पड़ेगा बड़ा असर

अमेरिका में काम करने वाले भारतीय पेशेवरों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि अमेरिकी सरकार h-1b वीजा धारकों के लिए 60 दिन का ग्रेस पीरियड समाप्त करने की योजना बना रही
अमेरिका में काम करने वाले भारतीय पेशेवरों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि अमेरिकी सरकार H-1B वीजा धारकों के लिए 60 दिन का ग्रेस पीरियड समाप्त करने की योजना बना रही है। यह नियम लागू होने पर नौकरी जाने की स्थिति में भारतीय कर्मचारियों को तुरंत देश छोड़ना पड़ सकता है। वर्तमान में, अगर किसी H-1B वीजा धारक की नौकरी चली जाती है, तो उसे अमेरिका में कानूनी रूप से रहने के लिए 60 दिन का मोहलत मिलता है। यह नियम 2017 में लागू हुआ था और यह केवल H-1B तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य वीजा धारकों जैसे L-1, O-1, E-1, E-2, E-3, H-1B1 और TN वीजा धारकों पर भी लागू होता है।
डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) ने इस सुरक्षा कवच को समाप्त करने का एक नया प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे व्हाइट हाउस ऑफिस ऑफ मैनेजमेंट एंड बजट (OMB) के पास समीक्षा के लिए भेजा गया है। अमेरिकी सरकार का तर्क है कि H-1B प्रोग्राम का दुरुपयोग हो रहा है और इसके जरिए अमेरिकी नागरिकों की नौकरियां छीनी जा रही हैं। यदि यह प्रस्ताव कानून बन जाता है, तो यह हजारों भारतीय पेशेवरों और उनके परिवारों की जिंदगी को प्रभावित कर सकता है।
















