Greater Noida: पुलिस की वर्दी में बदमाशों ने GST कंसल्टेंट को 7 घंटे तक बनाए रखा बंधक, वसूले 29 लाख

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक जीएसटी कंसलटेंट के साथ बंधक बनाकर लाखों रुपये की वसूली का मामला सामने आया है। पीड़ित संदीप कुमार का आरोप है कि पुलिस की वर्दी पहने तीन
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक जीएसटी कंसलटेंट के साथ बंधक बनाकर लाखों रुपये की वसूली का मामला सामने आया है। पीड़ित संदीप कुमार का आरोप है कि पुलिस की वर्दी पहने तीन लोगों ने उन्हें कार में करीब 7 घंटे तक बंधक बनाए रखा। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और फर्जी एनकाउंटर का डर दिखाकर उनके परिवार से 29 लाख रुपये वसूल किए। यह घटना 20 जुलाई को हुई थी, जब संदीप अपनी ग्रैंड विटारा कार से ऑफिस जा रहे थे। एस्पायर सोसायटी के पास उनकी कार को ओवरटेक कर एक एसयूवी ने रोका। पुलिस वर्दी में तीन लोगों ने उन्हें जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया।
संदीप के अनुसार, आरोपियों ने उन्हें कई घंटे तक अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर यमुना एक्सप्रेसवे पर जीवन टोल से आगे ले जाकर 50 लाख रुपये की मांग की। जब उन्होंने 50 लाख रुपये देने में असमर्थता जताई, तो आरोपियों ने उनके भाई को फोन किया, जिन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर 29 लाख रुपये दिए। रकम मिलने के बाद ही उन्हें छोड़ा गया। घर पहुंचने के बाद संदीप ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचित किया।
हालांकि, 19 दिन बीत जाने के बाद भी ना तो मुकदमा दर्ज हुआ है और ना ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। संदीप का कहना है कि उन्होंने खुद कई स्थानों की सीसीटीवी फुटेज जुटाई हैं, जिसमें आरोपी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस ने अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।
बिसरख थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पीड़ित द्वारा बताए गए घटनाक्रम और अब तक की जांच में कुछ अंतर दिखाई दे रहा है, जिसके कारण गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। पुलिस हर एंगल से मामले की गहनता से जांच कर रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
















