Online Shopping Fraud Gang Busted: हिसार पुलिस ने राजस्थान से दबोचे तीन ठग

हिसार में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने राजस्थान से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया ह
हिसार में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन शॉपिंग के जरिए धोखाधड़ी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने राजस्थान से तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जो सस्ती ड्रेस और गिफ्ट खरीदने का झांसा देकर लोगों से पैसे ठगते थे। गिरफ्तार आरोपितों में उमाशंकर सैनी, सेवक सिंह और विकास मीणा शामिल हैं। ये सभी राजस्थान के बूंदी और छतरपुरा के निवासी हैं। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अब अन्य आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि ऋषि नगर के निवासी कमल ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। कमल ने बताया कि उसने इंटरनेट पर एक विज्ञापन देखा जिसमें सस्ती कीमत पर ड्रेस बेचने का दावा किया गया था। जब उसने विज्ञापन पर क्लिक किया, तो उसकी बातचीत आरोपितों के साथ वॉट्सऐप के माध्यम से शुरू हुई। आरोपितों ने पहले कम कीमत में ड्रेस उपलब्ध कराने का झांसा दिया और फिर अधिक खरीदारी करने पर आकर्षक गिफ्ट और कैशबैक का लालच देकर कमल से कई किस्तों में पैसे ट्रांसफर करवा लिए। कुल मिलाकर कमल ने 32,850 रुपये जमा किए।
इस मामले की जांच के दौरान सहायक उप निरीक्षक राजा राम ने बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजेक्शन और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच में पता चला कि ठगी की राशि का बड़ा हिस्सा इक्विटास बैंक और अन्य बैंकों के खातों में ट्रांसफर हुआ था। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस टीम ने राजस्थान के बूंदी और कोटा में कार्रवाई की और तीनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में यह भी सामने आया कि उमाशंकर ने अपने बैंक खाते को धोखाधड़ी के लिए सेवक सिंह को दिया था, जिसने इसे विकास मीणा को आगे बढ़ाया। गिरफ्तार आरोपितों के पास से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि दो आरोपित अन्य व्यक्तियों की पहचान पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। इन मोबाइल और सिम कार्डों की फोरेंसिक जांच की जा रही है ताकि इस साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।
















