Power Outage in Gurugram: सनसिटी एवेन्यू में 10 घंटे तक बिजली गुल, लोगों का टूटा सब्र

गुरुग्राम के बादशाहपुर स्थित सनसिटी एवेन्यू सोसायटी में शनिवार रात को बिजली आपूर्ति लगभग 10 घंटे तक बाधित रही, जिससे नाराज निवासियों ने साउदर्न पेरिफेरल रोड (एस
गुरुग्राम के बादशाहपुर स्थित सनसिटी एवेन्यू सोसायटी में शनिवार रात को बिजली आपूर्ति लगभग 10 घंटे तक बाधित रही, जिससे नाराज निवासियों ने साउदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर) पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना ने क्षेत्र के निवासियों का सब्र तोड़ दिया और सड़क पर सैकड़ों लोग उतर आए। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। निवासियों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से सोसायटी में बिजली संकट बना हुआ है, जिससे उनकी दैनिक जीवनचर्या पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। लगातार बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग के कारण बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों के स्वास्थ्य और घर से काम करने वाले पेशेवरों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इनवर्टर भी लगातार बिजली कटौती के कारण जवाब दे चुके हैं, जिससे भीषण गर्मी में रात के समय घरों में रहना मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शन कर रहे निवासियों ने सोसायटी प्रबंधन, विशेषकर मैनेजर पर आरोप लगाया कि वे बिजली समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं किया गया है। निवासियों ने मांग की कि सोसायटी प्रबंधन और संबंधित विभाग तुरंत वैकल्पिक बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करें और अघोषित बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए। शनिवार शाम से ही सोसायती में बिजली आपूर्ति में फाल्ट आना शुरू हो गया था, जिसके कारण बार-बार ट्रिपिंग हो रही थी। देर रात करीब 11 बजे जाकर बिजली आपूर्ति सामान्य हो सकी।
















