Smart Meter Controversy in UP: यूपी में स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने की मांग

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बिजली के स्मार्ट मीटरों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गोवा सरकार ने हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी है
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बिजली के स्मार्ट मीटरों से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए गोवा सरकार ने हाल ही में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी है। इस निर्णय के बाद उत्तर प्रदेश में भी स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग उठाई जा रही है। राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने प्रदेश सरकार से अपील की है कि जब तक स्मार्ट मीटरों में आ रही शिकायतों की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक इस मीटर को लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। परिषद का मानना है कि उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा के लिए यह आवश्यक है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर ही आगे कोई निर्णय लिया जाए।
परिषद के अध्यक्ष अवधेश कुमार वर्मा ने बताया कि गोवा में स्मार्ट मीटरों के तेज चलने और अधिक बिल आने की शिकायतों के मद्देनजर वहां की सरकार ने सभी स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रियाओं पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही गोवा सरकार ने यह भी निर्देश दिया है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने तक शिकायत करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन नहीं काटे जाएं। वर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब तक लगभग 93 लाख से अधिक स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं और नए बिजली कनेक्शनों पर भी स्मार्ट मीटर लगातार लगाए जा रहे हैं। अप्रैल में मुख्यमंत्री के निर्देश पर पुराने मीटरों को हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई गई थी।
















