Suspicious Death in Rampur: संदिग्ध मौत के 48 दिन बाद कब्र से निकाला गया शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा

दढ़ियाल। गांव अकबराबाद के निवासी 30 वर्षीय जसीम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के 48 दिन बाद प्रशासन ने बुधवार को उसके शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के
दढ़ियाल। गांव अकबराबाद के निवासी 30 वर्षीय जसीम की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के 48 दिन बाद प्रशासन ने बुधवार को उसके शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की। यह प्रक्रिया तहसीलदार टांडा, सीओ टांडा और प्रभारी निरीक्षक टांडा की निगरानी में की गई। इस दौरान पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। शव को निकालने के बाद पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जसीम दढ़ियाल में काशीपुर मार्ग पर मिलन बैंक्वेट हॉल के सामने एक किराए के कमरे में रहता था। 11 जून को उसे कमरे में अचेत अवस्था में पाया गया था। उसके भाई मोबीन ने उसे काशीपुर अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार अकबराबाद के कब्रिस्तान में किया।
जसीम के भाई मोबीन ने बताया कि वह चार भाइयों और चार बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसकी शादी पांच वर्ष पूर्व टांडा के मोहल्ला टनडोली निवासी सलमा से हुई थी, और उनके एक तीन वर्षीय बेटा भी है। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद की बातें सामने आई थीं। कुछ समय पहले, जसीम और सलमा दढ़ियाल में मिलन बैंक्वेट हॉल के सामने किराए के कमरे में रहने लगे थे। जसीम की संदिग्ध मौत के बाद परिवार में शक पैदा हुआ, जिसके चलते उसके भाई वसीम, जो काम के सिलसिले में बिहार में रहता है, गांव लौट आया। उसने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर पोस्टमार्टम कराने और मौत का सही कारण जानने की मांग की। इसके बाद पुलिस ने जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी।
















