Tax Evasion Uncovered: झारखंड में रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन की बढ़ी मुश्किलें

राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड की प्रमुख कंस्ट्रक्शन कंपनी मेसर्स रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड और इसकी सहयोगी दस कंपनियों के खिलाफ आयकर विभाग ने शुक्
राज्य ब्यूरो, रांची। झारखंड की प्रमुख कंस्ट्रक्शन कंपनी मेसर्स रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड और इसकी सहयोगी दस कंपनियों के खिलाफ आयकर विभाग ने शुक्रवार को छापेमारी की। यह कार्रवाई तीन राज्यों के पांच स्थानों पर की गई, जिसमें झारखंड के रांची, बिहार के बेगुसराय और हरियाणा के गुरुग्राम शामिल हैं। छापेमारी का यह अभियान शनिवार को भी जारी रहेगा। आयकर विभाग को प्रारंभिक जांच में पता चला है कि इन कंपनियों ने फर्जी बिलों के माध्यम से बड़ी मात्रा में टैक्स चोरी की है। इस मामले में दिल्ली और कोलकाता से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी आयकर विभाग की मदद कर रही है, जो फर्जी बिलों की जांच करेगी। कर चोरी और बेनामी संपत्तियों की जांच के लिए छानबीन जारी है और शनिवार को इस मामले में और जानकारी सामने आने की संभावना है।
इस छापेमारी में 200 से अधिक आयकर अधिकारी और जवान शामिल हैं। जिन स्थानों पर छापेमारी की जा रही है, उनमें रांची के कचहरी रोड पर स्थित पंचवटी प्लाजा में फ्लैट नंबर 702 में रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड का कार्यालय, बेगुसराय में कृष्णा नगर में कंपनी का कार्यालय और गुरुग्राम के सेक्टर 54 में 308 और 309 सनसिटी के शापिंग आर्केड में कारपोरेट कार्यालय शामिल हैं। छापेमारी की कार्रवाई में मेसर्स रामकृपाल सिंह कंस्ट्रक्शन (आरकेएससी), आयुष श्रेयस प्रापर्टी प्राइवेट लिमिटेड (एएसपीपीएल), आरकेएससीपीएल इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड (आरआइपीएल), और आरकेएससीपीएल प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड (आरपीपीएल) जैसी कंपनियों को निशाना बनाया गया है।
















