Train Operations Improved: पुरानी दिल्ली के पास अब नहीं रुकेंगी ट्रेनें

राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के निकट डफरिन ब्रिज और पुल मिठाई के बीच ट्रेन परिचालन में बाधा उत्पन्न करने वाली तकनीकी समस्याओं को अब हल कर लिया गया है।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के निकट डफरिन ब्रिज और पुल मिठाई के बीच ट्रेन परिचालन में बाधा उत्पन्न करने वाली तकनीकी समस्याओं को अब हल कर लिया गया है। इससे अब इन दोनों पुलों के बीच ट्रेनों की आवाजाही में किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं आएगी। पहले इन पुलों की ऊंचाई कम होने के कारण लगभग 50 मीटर का एक हिस्सा डेड जोन बन गया था, जहां ट्रेन के इंजन को बिजली की सप्लाई नहीं मिलती थी। इस वजह से कई बार ट्रेनें यहां रुक जाती थीं, जिससे यातायात प्रभावित होता था। अब इस समस्या का समाधान कर लिया गया है।
जब भी कोई इलेक्ट्रिक ट्रेन इस हिस्से से गुजरती थी, तो अचानक वोल्टेज के उतार-चढ़ाव के कारण ट्रेन का इमरजेंसी ब्रेक अपने आप लग जाता था। इससे ट्रेनें बीच रास्ते में रुक जाती थीं और पूरे रूट का रेल यातायात बाधित हो जाता था। अधिकारियों के अनुसार, आमतौर पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से चलने वाली ट्रेनें इस छोटे डेड जोन को पार कर जाती थीं, लेकिन इमरजेंसी ब्रेक लगने के कारण उन्हें रुकना पड़ता था। इस समस्या के समाधान के लिए उत्तर रेलवे ने अप्रैल में अनुसंधान अभिकल्प एवं मानक संगठन (आरडीएसओ) और ब्रेक सिस्टम बनाने वाली कंपनी नार-ब्रेमसे इंडिया लिमिटेड (केबीआईएल) के साथ मिलकर काम शुरू किया था।















