Delhi Assembly: दिल्ली विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू

दिल्ली विधानसभा का तीन दिवसीय मानसून सत्र आज से प्रारंभ हो रहा है। इस सत्र में दिल्ली सरकार द्वारा तीन महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे। इनमें से पहला व
दिल्ली विधानसभा का तीन दिवसीय मानसून सत्र आज से प्रारंभ हो रहा है। इस सत्र में दिल्ली सरकार द्वारा तीन महत्वपूर्ण विधेयक सदन में पेश किए जाएंगे। इनमें से पहला विधेयक पब्लिक सर्विस की समय-सीमा के भीतर डिलीवरी से संबंधित है, जबकि दूसरा विधेयक दिल्ली अर्बन शेल्टर इम्प्रूवमेंट बोर्ड से जुड़ा हुआ है। तीसरा विधेयक बेड-एंड-ब्रेकफास्ट एस्टेब्लिशमेंट को समाप्त करने के लिए लाया जाएगा। इसके साथ ही, दो महत्वपूर्ण सीएजी रिपोर्ट भी सदन के पटल पर रखी जाएंगी। इस सत्र के दौरान विपक्ष की ओर से जल भराव, लक्ष्मी योजना और अन्य नागरिक सुविधाओं को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा करने की संभावना है। वहीं, सत्ता पक्ष विधायी बदलावों और आप सरकार के दौरान आई सीएजी रिपोर्ट के आधार पर विपक्ष को जवाब देने की कोशिश करेगा।
विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी ने सर्वसम्मति से इस तीन दिवसीय सत्र के लिए विधायी एजेंडा तय किया है। इस सत्र में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, जो वित्त विभाग भी संभाल रही हैं, दो सीएजी रिपोर्ट पेश करेंगी। यह रिपोर्ट 31 मार्च, 2023 को समाप्त हुए दिल्ली सरकार के खातों और 2024-25 के लिए राजधानी के राज्य वित्त पर आधारित होगी। इसके अलावा, ऊर्जा मंत्री आशीष सूद भी डीईआरसी रेगुलेशन से जुड़े नोटिफिकेशन और सुधारों को सदन में पेश करेंगे। इस सत्र में पेश किए जाने वाले विधेयकों में सबसे महत्वपूर्ण है दिल्ली के नागरिकों को समयबद्ध तरीके से सेवाएं उपलब्ध कराने का विधेयक, जो नागरिकों के लिए सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने का प्रयास करेगा।
















