Train Services for Kanwariyas: श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए गया-कामाख्या एक्सप्रेस का नया ठहराव

जागरण संवाददाता, गयाजी। श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने गया-कामाख्या-गया साप्ताहिक एक्सप्रेस का सुल्तानग
जागरण संवाददाता, गयाजी। श्रावणी मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने गया-कामाख्या-गया साप्ताहिक एक्सप्रेस का सुल्तानगंज स्टेशन पर अस्थायी ठहराव (स्टॉपेज) देने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था श्रावणी मेला अवधि तक प्रभावी रहेगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि गाड़ी संख्या 15620 कामाख्या-गया साप्ताहिक एक्सप्रेस 03 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक निर्धारित दिनों में रात्रि 12:11 बजे सुलतानगंज पहुंचेगी और 12:13 बजे दो मिनट के ठहराव के बाद गया के लिए रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 15619 गया-कामाख्या साप्ताहिक एक्सप्रेस 4 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक निर्धारित दिनों में शाम 5:45 बजे सुलतानगंज पहुंचेगी तथा 5:47 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। रेलवे के इस निर्णय से श्रावणी मेला में सुलतानगंज पहुंचने वाले कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं को सीधी रेल सुविधा मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया है।
श्रावणी मेले के शुभारंभ के साथ बुधवार को गया जंक्शन पूरी तरह शिवमय हो उठा। स्टेशन परिसर दिनभर 'बोल बम', 'हर-हर महादेव' और 'बाबा बैद्यनाथ धाम' के जयघोष से गूंजता रहा। भगवा वस्त्र धारण किए हजारों कांवड़िये देवघर में बाबा बैद्यनाथ के जलाभिषेक के लिए विभिन्न ट्रेनों से रवाना हुए। प्लेटफॉर्म पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति से सराबोर माहौल ने पूरे स्टेशन को धार्मिक रंग में रंग दिया। सुबह से ही कांवड़ियों का स्टेशन पहुंचना शुरू हो गया था। श्रद्धालु कांवड़, पूजन सामग्री और जरूरी सामान के साथ ट्रेनों की प्रतीक्षा करते रहे। ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही 'बोल बम' के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कई श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए यात्रा पर निकले। अमित कुमार समेत अन्य कांवड़ियों ने बताया कि बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करना उनके लिए सबसे बड़ा आस्था पर्व है। उनका कहना था कि यह यात्रा जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संदेश देती है।
















