Train Services Update: भागलपुर-किउल-बख्तियारपुर जंक्शन होकर चलेगी हावड़ा-राजगीर स्पेशल ट्रेन

भागलपुर। पूर्व रेलवे ने बिहार और पश्चिम बंगाल के रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए
भागलपुर। पूर्व रेलवे ने बिहार और पश्चिम बंगाल के रेल यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए हावड़ा और राजगीर के बीच सप्ताह में तीन दिन विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन भागलपुर-किउल-बख्तियारपुर जंक्शन मार्ग से संचालित होगी। रेलवे ने इस नई ट्रेन सेवा के संचालन के लिए औपचारिक प्रस्ताव तैयार कर संबंधित प्रभाग को भेज दिया है। इस ट्रेन के शुरू होने से अंग क्षेत्र और सिल्क सिटी भागलपुर के यात्रियों को हावड़ा (कोलकाता) और ऐतिहासिक स्थल राजगीर जाने के लिए एक अतिरिक्त और सुगम सीधी ट्रेन सुविधा मिलेगी। इससे लंबी दूरी का सफर करने वाले यात्रियों और व्यवसायियों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्व रेलवे ने यात्रियों के सफर को और भी आरामदायक और सुविधाजनक बनाने के लिए अपने अधिकार क्षेत्र की 32 प्रमुख मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में खान-पान की सुविधाएं बहाल करने का बड़ा फैसला लिया है। इस योजना के तहत सियालदह डिवीजन द्वारा संचालित कोलकाता-जोगबनी चितपुर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 13159/13160) में मिनी पैंट्री कार सेवा शुरू करने की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। अब ट्रेन के भीतर यात्रियों को गर्म, ताजा और गुणवत्तापूर्ण खान-पान का सामान उपलब्ध होगा, जिससे सीमांचल और कोसी क्षेत्र के रेल यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में खाने-पीने की समस्याओं से राहत मिलेगी।
पूर्व रेलवे की इस पहल का विभिन्न यात्री संगठनों ने स्वागत किया है। बिहार डेली पैसेंजर्स एसोसिएशन के सदस्य बच्छराज राखेचा, इंडो-नेपाल ऑर्गनाइजेशन ऑफ रेल यूजर्स के सदस्य विनोद सरावगी और रेल संघर्ष समिति के संयोजक आजादशत्रु अग्रवाल ने रेल प्रशासन का धन्यवाद व्यक्त किया है। इसके अलावा, बिहार रेल यूजर्स एसोसिएशन के सदस्य चंदन भगत, फारबिसगंज सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष मांगीलाल गोलछा तथा रेलवे कम्यूटर्स फोरम के सदस्य राकेश रौशन ने भी खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से कोलकाता-जोगबनी रूट पर पैंट्री कार की मांग की जा रही थी और इस निर्णय से क्षेत्र के दैनिक और दूरदराज के यात्रियों को अत्यंत सुविधा होगी।
















