Weather Alert: ऊना में लगातार बारिश से फसलों को खतरा

ऊना जिले में हो रही लगातार बारिश ने किसानों की चिंता को बढ़ा दिया है। खेतों में अत्यधिक नमी जमा होने के कारण मक्की और हरी सब्जियों की फसलों में सड़न रोग का असर
ऊना जिले में हो रही लगातार बारिश ने किसानों की चिंता को बढ़ा दिया है। खेतों में अत्यधिक नमी जमा होने के कारण मक्की और हरी सब्जियों की फसलों में सड़न रोग का असर दिखाई देने लगा है। किसानों का कहना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक मौसम का यही हाल रहा, तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। वर्तमान में जिले में लगभग 25 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में मक्की और लगभग 500 हेक्टेयर भूमि पर हरी सब्जियों की खेती की गई है। लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी और नमी बढ़ने से फसलों में बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है। कई स्थानों पर मक्की के पौधों और सब्जियों में सड़न रोग की समस्या सामने आने लगी है। किसान रविंद्र कुमार, विनोद सैनी, अजय कुमार, संजय धीमान, वरिंद्र सिंह और कुलविंद्र सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बारिश कम हो रही है, लेकिन प्रतिदिन की बारिश खेती के लिए लाभदायक नहीं है। खाद और अन्य जरूरी छिड़काव भी नहीं हो पा रहे हैं। इस स्थिति ने किसानों को चिंतित कर दिया है।
कृषि विशेषज्ञों ने भी किसानों को सलाह दी है कि वे खेतों से जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखें और फसलों की नियमित निगरानी करें। उपनिदेशक जिला कृषि विभाग डॉ. प्रेम चंद ठाकुर ने बताया कि लगातार बारिश खेती के लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। हालांकि, फिलहाल जिले में फसलों को नुकसान जैसी स्थिति नहीं है। किसानों को किसी भी समस्या के समाधान के लिए विभाग के विशेषज्ञों से संपर्क करने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बारिश का यह सिलसिला जारी रहा, तो फसलों में बीमारियों का खतरा और बढ़ सकता है। इसलिए किसानों को अपनी फसलों की देखभाल में कोई कमी नहीं रखनी चाहिए।
















