Water Crisis in Mandawali: मंडावली में पांच दिन से दूषित पानी की आपूर्ति, 500 परिवार खरीद रहे पेयजल

पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के मंडावली में पिछले पांच दिनों से नलों में दूषित और बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे स्थानीय निवासियों को गं
पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के मंडावली में पिछले पांच दिनों से नलों में दूषित और बदबूदार पानी की आपूर्ति हो रही है, जिससे स्थानीय निवासियों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। गिरी मार्ग इलाके के ए ब्लाक समेत अन्य गालियों में पानी की गुणवत्ता इतनी खराब हो गई है कि लोग इसे पीने, खाना बनाने और घरेलू कार्यों के लिए भी उपयोग नहीं कर पा रहे हैं। इस स्थिति के कारण लगभग 500 परिवार निजी जल प्लांटों पर निर्भर हो गए हैं और मजबूरी में उन्हें 30 रुपये में 20 लीटर का पानी खरीदना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी खुशी ने बताया कि इस समस्या के समाधान के बिना जलजनित बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
गंगा नामक एक अन्य स्थानीय निवासी ने चिंता जताते हुए कहा कि दूषित पानी के कारण बीमारियों का फैलने का खतरा बढ़ गया है। कई परिवारों को कपड़े धोने और अन्य आवश्यकताओं के लिए साफ पानी लाने के लिए दूसरे इलाकों का सहारा लेना पड़ रहा है। बच्चों और बुजुर्गों की सेहत को लेकर भी स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। उन्होंने दिल्ली जल बोर्ड से मांग की है कि जलापूर्ति की गुणवत्ता की तत्काल जांच की जाए और पाइपलाइन की खामियों को दूर किया जाए ताकि स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

















