Weather Alert for August 1: कटिहार समेत 6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में मानसून की गतिविधियाँ एक बार फिर से तेज हो गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घं
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में मानसून की गतिविधियाँ एक बार फिर से तेज हो गई हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई है। इस बीच, मौसम विभाग ने 1 अगस्त के लिए एक बुलेटिन जारी करते हुए राज्य के कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, 1 अगस्त को राज्य के उत्तर-पश्चिम, उत्तर-पूर्व और दक्षिण-पश्चिम क्षेत्रों में मानसूनी गतिविधियाँ तेज रहने की संभावना है, जिसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों के अधिकांश इलाकों में बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने विशेष रूप से अररिया, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, कटिहार, सिवान और पश्चिमी चंपारण में भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही, उत्तर और दक्षिण-पश्चिम बिहार के कई जिलों में गर्जन के साथ बिजली गिरने की आशंका भी है। विभाग ने यह भी बताया है कि 30 से 40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी पटना और उसके आसपास के इलाकों में भी 1 अगस्त को बारिश का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग के अनुसार, पटना, नालंदा, जहानाबाद, नवादा, गया, लखीसराय, शेखपुरा और बेगूसराय में बादल छाए रहेंगे और कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है।















