Road condition in Dumraon: डुमरांव पेरिस बन गया! वायरल रील्स में छलका सड़क का दर्द

डुमरांव शहर की राज हाई स्कूल से कृषि कालेज मोड़ तक की सड़क हाल के दिनों में न केवल राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गई है, बल्कि यह इंटरनेट मीडिया पर भी चर्चा
डुमरांव शहर की राज हाई स्कूल से कृषि कालेज मोड़ तक की सड़क हाल के दिनों में न केवल राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गई है, बल्कि यह इंटरनेट मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गई है। इस सड़क पर पिछले एक साल से चल रहे अधूरे मरम्मत कार्य, गड्ढों और जलजमाव ने स्थानीय लोगों को काफी परेशान कर रखा है। आए दिन बाइक, ई-रिक्शा और ऑटो चालक सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं, जिससे लोगों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। स्थानीय निवासी इस सड़क को डुमरांव-बिहारशरीफ एनएच-120 का हिस्सा मानते हैं, लेकिन एनएच घोषित होने के बावजूद सड़क की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। इस स्थिति को लेकर स्थानीय युवा सोशल मीडिया पर लगातार रील्स और वीडियो साझा कर रहे हैं, जिसमें सड़क की बदहाली को दर्शाया गया है। इनमें से एक वीडियो में तंज करते हुए कहा गया है कि 'डुमरांव पेरिस बन गया है', जो तेजी से वायरल हो रहा है।
स्थानीय युवाओं द्वारा बनाए गए वीडियो में पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान चर्चित व्यंग्य गीत 'ता-ता तुना, ना धी धीना...' का इस्तेमाल किया गया है, जो सड़क की स्थिति और प्रशासन की उदासीनता पर सवाल उठाता है। इस वीडियो ने लोगों की नाराजगी को डिजिटल रूप में प्रदर्शित किया है। अजमेर खान, गोलू राय जैसे स्थानीय युवक इस मुद्दे को लेकर लगातार वीडियो पोस्ट कर रहे हैं और लोगों का सवाल है कि आखिर एक साल बीत जाने के बाद भी सड़क का निर्माण कार्य पूरा क्यों नहीं हो पाया। इंटरनेट मीडिया पर सड़क के गड्ढों में फंसते और गिरते वाहनों के वीडियो भी साझा किए जा रहे हैं, जिन पर लोग अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।









