New RCC Bridges in Jamui: जमुई में नए आरसीसी पुलों का निर्माण होगा

जमुई जिले के खैरा-सोनो एनएच-333ए पर नरियाना घाट और मांगोबंदर के पुराने जर्जर पुलों के स्थान पर नए उच्चस्तरीय आरसीसी पुलों के निर्माण की प्रक्रिया अब तेज हो गई ह
जमुई जिले के खैरा-सोनो एनएच-333ए पर नरियाना घाट और मांगोबंदर के पुराने जर्जर पुलों के स्थान पर नए उच्चस्तरीय आरसीसी पुलों के निर्माण की प्रक्रिया अब तेज हो गई है। पथ निर्माण विभाग ने इन दोनों परियोजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान कर दी है, जिसके बाद राज्य कैबिनेट ने भी इन योजनाओं को मंजूरी दे दी है। इससे लंबे समय से आवागमन की समस्याओं का सामना कर रहे हजारों लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि खैरा-सोनो पथ के 72वें किलोमीटर पर किउल नदी पर 93.82 करोड़ रुपये की लागत से नया पुल बनाया जाएगा। वहीं, 80वें किलोमीटर पर मांगोबंदर के पास सुखनर नदी पर 55.96 करोड़ रुपये की लागत से नए आरसीसी पुल का निर्माण किया जाएगा। इन दोनों परियोजनाओं की कुल लागत 149.78 करोड़ रुपये है।
नरियाना और मांगोबंदर के पुराने पुल लंबे समय से क्षतिग्रस्त हैं, जिसके कारण सुरक्षा कारणों से इन पर वाहनों का परिचालन बंद कर दिया गया है। इसके चलते स्थानीय लोगों को कई किलोमीटर लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है। सावन के महीने में प्रशासन को जमुई में संभावित जाम की समस्या से निपटने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे मरीजों को अस्पताल पहुंचाने, छात्रों को स्कूल-कालेज जाने और किसानों की उपज बाजार तक ले जाने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इन दोनों पुलों के बंद रहने से खैरा, सोनो और आसपास के ग्रामीण इलाकों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है, जिससे स्थानीय व्यापार और कृषि गतिविधियों पर प्रतिकूल असर पड़ा है।

















