Cabinet meeting in Haryana: हरियाणा में कैबिनेट बैठक आज, 21 अगस्त को बुलाया जा सकता है विधानसभा का मानसून सत्र

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त को बुलाया जा सकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है, जिसमे
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 21 अगस्त को बुलाया जा सकता है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है, जिसमें मानसून सत्र की तिथि पर मुहर लगेगी। इस बैठक में इलेक्ट्रिक दोपहिया, तिपहिया और कारों पर मिलने वाली सरकारी सब्सिडी को सीधे लाभार्थी के खाते में डालने के लिए संशोधित ई-वाहन नीति पर भी विचार किया जाएगा। यह कदम ग्राहकों को वाहन खरीदते समय ही इसका लाभ दिलाने के उद्देश्य से उठाया जा रहा है। इस बैठक में लगभग एक दर्जन प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी, जो चंडीगढ़ स्थित हरियाणा सिविल सचिवालय में सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। पंजाब विधानसभा का मानसून सत्र तीन से दस अगस्त तक चलेगा, और चूंकि दोनों राज्यों के विधानसभा सदन एक ही परिसर में स्थित हैं, इसलिए हरियाणा सरकार की योजना है कि पंजाब के बाद ही हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र बुलाया जाए। इससे सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में कोई दिक्कत नहीं आएगी।
हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में आधा दर्जन से अधिक विधेयक पारित किए जाने की संभावना है। इनमें प्रशासनिक सुधार, विभागीय नियमों में संशोधन और जनहित से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं। संबंधित विभागों के मंत्री संशोधित विधेयकों का ड्राफ्ट कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत करेंगे, ताकि इन्हें अंतिम रूप दिया जा सके। इसके अलावा, इस बैठक में कई नीतिगत निर्णय भी लिए जाएंगे। उच्च शिक्षा संस्थानों, मेडिकल कॉलेजों, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और विभिन्न विभागों में पद सृजन या भर्ती संबंधी प्रस्तावों पर भी कैबिनेट विचार कर सकती है। यह बैठक हरियाणा की राजनीतिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि इसमें कई ऐसे मुद्दों पर चर्चा होगी, जो राज्य के विकास और जनहित से जुड़े हैं।









