Mail Van Arson in Manipur: मणिपुर में डाक वैन में आगजनी की घटना

मणिपुर में हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में एक गंभीर घटना में, मंगलवार को भारतीय डाक सेवा की एक मेल वैन को कुछ अज्ञात बदमाशों ने बीच रास्
मणिपुर में हिंसा का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाल ही में एक गंभीर घटना में, मंगलवार को भारतीय डाक सेवा की एक मेल वैन को कुछ अज्ञात बदमाशों ने बीच रास्ते में रोक लिया। यह घटना उखरुल जिले में नेशनल हाईवे-202 पर हुई, जहां बदमाशों ने 35 डाक बैगों में आग लगा दी। इस वैन में पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य महत्वपूर्ण डाक सामग्री थी। यह मेल वैन इंफाल से उखरुल, सोमदल और कमजोंग जिलों के लिए डाक सामग्री लेकर जा रही थी। घटना शांगकाई गांव के पास हुई, जहां बदमाशों ने वैन को हथियार के बल पर रोका और ड्राइवर को बंधक बनाकर वाहन को पास की पहाड़ी पर ले गए। वहां सभी डाक बैगों को आग के हवाले कर दिया गया।
वरिष्ठ डाक सहायक मोइरांगथेम नबाचंद्र ने बताया कि इस हमले में 23 पार्सल बैग, दो स्पीड पोस्ट बैग, तीन साधारण डाक बैग और दो पंजीकृत पार्सल बैग शामिल थे, जो पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। सोमदल और कमजोंग के लिए भेजी गई डाक सामग्री में एक पार्सल बैग, दो स्पीड पोस्ट बैग और एक साधारण डाक बैग भी शामिल थे, जो आगजनी की चपेट में आ गए। सरकारी अधिकारियों ने पुष्टि की है कि जली हुई डाक सामग्री में एटीएम कार्ड, पासपोर्ट, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पत्र और घरेलू उपयोग की अन्य वस्तुएं शामिल थीं। इस आगजनी की घटना के बाद डाक सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं, जिससे क्षेत्र में लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले में लितान पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस ने जिम्मेदार लोगों की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी है। इस घटना के विरोध में इंफाल के प्रधान डाकघर के कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया और आगजनी की कड़ी निंदा की। यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब मणिपुर के पहाड़ी इलाकों में कुकी और नागा समुदायों के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। हाल ही में एक कुकी नागरिक संगठन ने उखरुल, कमजोंग और कांगपोकपी जिलों के 14 कुकी-जो गांवों में काउंटर-आर्थिक नाकेबंदी और संस्थानों को बंद रखने की अपील की थी। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अब तक इस हमले की किसी संगठन ने जिम्मेदारी नहीं ली है और हमलावरों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।











