AAP ने BJP पर 11000 करोड़ के राइस स्कैम का आरोप लगाया: 23 रुपये का चावल 46 में बेचा गया

आम आदमी पार्टी (aap) ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर सब्सिडी वाले चावल में बड़े राइस स्कैम का आरोप लगाया है। दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा न
आम आदमी पार्टी (AAP) ने दिल्ली की भाजपा सरकार पर सब्सिडी वाले चावल में बड़े राइस स्कैम का आरोप लगाया है। दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इन आरोपों को झूठा और दुर्भावनापूर्ण बताया है।
रविवार को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में AAP के दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सिरसा के विभाग की सिफारिश पर भारतीय खाद्य निगम (FCI) ने असम की एक सरकारी निगम को हर सप्ताह 31000 मीट्रिक टन चावल रियायती दर पर देने की अनुमति दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस चावल को गरीबों में बांटने के बजाय हरियाणा की एक निजी कंपनी को दोगुनी कीमत पर बेचा गया।
सौरभ भारद्वाज ने बताया कि 23 रुपये प्रति किलो की दर से खरीदा गया चावल कथित तौर पर 46 रुपये प्रति किलो में एक निजी कंपनी को बेचा जा रहा था। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया से हर किलो चावल पर लगभग 23 रुपये का कमीशन कमाया जा रहा था। यदि यह योजना तीन साल तक चलती, तो लगभग 22000 करोड़ रुपये का चावल निजी कंपनी को बेचा जाता और करीब 11000 करोड़ रुपये का कमीशन कमाया जाता।
उन्होंने बताया कि 7 जनवरी को असम की उस सरकारी निगम ने मनजिंदर सिंह सिरसा को पत्र लिखकर दिल्ली के गरीबों के लिए सस्ता चावल खरीदने का प्रस्ताव दिया था। लेकिन मंत्री ने इस पत्र को चार महीने तक लंबित रखा और फिर 8 अप्रैल को इसे विशेष आयुक्त को भेजा। इसके बाद अतिरिक्त आयुक्त अरुण कुमार झा ने FCI को मामले को अत्यावश्यक बताते हुए ईमेल भेजा।

















