Action against drug dealer in Shravasti: प्रतिबंधित सिरप बेचने वाले दवा व्यापारी की 33.85 लाख की संपत्ति कुर्क

श्रावस्ती जिले के सोनवा थाने की पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर एक दवा व्यापारी की 33 लाख 85 हजार 407 रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की है। यह कार्रवाई अव
श्रावस्ती जिले के सोनवा थाने की पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय के आदेश पर एक दवा व्यापारी की 33 लाख 85 हजार 407 रुपये की संपत्ति पर कार्रवाई की है। यह कार्रवाई अवैध कफ सिरप बेचने के मामले में की गई है। पुलिस ने अवैध धन से खरीदे गए वाहनों को कुर्क किया और व्यापारी के बैंक खाते में जमा 5.85 लाख रुपये को भी फ्रीज कर दिया। आरोपित व्यापारी माता प्रसाद नाग नासिरगंज बाजार में दवा की दुकान चलाते हैं। नवंबर महीने में औषधि निरीक्षक श्रीकांत गुप्ता ने दुकान की जांच की थी, जिसमें प्रतिबंधित कोडीन फास्फेट युक्त औषधि का बड़े पैमाने पर क्रय-विक्रय पाया गया था। इस मामले में दवा व्यापारी से बिल भी नहीं मांगा गया था। औषधि निरीक्षक की तहरीर पर 20 नवंबर को सोनवा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस की विवेचना में माता प्रसाद नाग के पुत्र रोहित नाग की भी संलिप्तता पाई गई है। इस मामले में रोहित का नाम भी मुकदमे में जोड़ा गया है। यह मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। एसपी राहुल भाटी ने बताया कि अपर सत्र न्यायाधीश सौरभ सक्सेना के आदेश पर आरोपितों की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पर जब्ती और कुर्की की कार्रवाई की गई है। सोनवा थानाध्यक्ष विशुनदेव पांडेय की टीम ने रोहित नाग की लगभग 21 लाख रुपये कीमत की स्कार्पियो और माता प्रसाद नाग की लगभग सात लाख रुपये कीमत की डटसन वाहन को जब्त किया है। दोनों वाहनों को गवाहों की उपस्थिति में नियमानुसार कुर्क कर स्थानीय थाने पर खड़ा किया गया है।
















