Arrests in MP Rice Scam: भाजपा नेता रामकिशोर कावरे के भतीजे समेत दो गिरफ्तार

मध्य प्रदेश में एथेनॉल के नाम पर हुए करोड़ों रुपये के फोर्टिफाइड चावल घोटाले में एसआईटी ने गुरुवार की रात को पूर्व मंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे के
मध्य प्रदेश में एथेनॉल के नाम पर हुए करोड़ों रुपये के फोर्टिफाइड चावल घोटाले में एसआईटी ने गुरुवार की रात को पूर्व मंत्री और भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशोर कावरे के भतीजे अविनाश कावरे और गोपाल ठाकुर को गिरफ्तार किया है। अविनाश कावरे हर्ष राइस इंडस्ट्री का 20 प्रतिशत का साझेदार है, जहां चावल की हेराफेरी का मामला सामने आया था। वहीं गोपाल ठाकुर भी इस उद्योग में 10 प्रतिशत का साझेदार है और रामकिशोर कावरे का करीबी मित्र है। एसआईटी ने इससे पहले मिल के अन्य साझेदार विनोद शर्मा को भी गिरफ्तार किया था। इस मामले में एसआईटी पर भाजपा नेताओं के दबाव में काम करने के आरोप लग रहे थे, क्योंकि अविनाश से तीन बार पूछताछ के बाद भी उसे छोड़ा गया था। इसके चलते राजनीतिक हलचल तेज हो गई थी। शुक्रवार को अविनाश और गोपाल को वारासिवनी न्यायालय में पेश किया गया, जहां न्यायालय ने तीन दिनों की पुलिस रिमांड दी है।
सूत्रों के अनुसार, अविनाश और विनोद शर्मा एथेनॉल प्लांट प्रबंधन के साथ मिलकर सरकारी फोर्टिफाइड चावल की हेराफेरी कर रहे थे। एसआईटी को इस मामले में सीसीटीवी फुटेज और आरोपितों के बयानों से महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए हैं। हर्ष राइस मिल के मैनेजर को भी एसआईटी जल्द ही जांच के दायरे में लेगी, हालांकि अभी तक मैनेजर का नाम सामने नहीं आया है। एसआईटी संदिग्ध राइस मिल संचालकों से दस्तावेज, चावल की खाली बोरियां और वित्तीय लेनदेन संबंधी कागजात एकत्रित कर रही है। यह प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है।
















