Police takes Umar and Ali to Prayagraj: माफिया अतीक के बेटे उमर और अली को प्रयागराज लेकर निकली पुलिस

माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान की सड़क हादसे में मौत के बाद आज उसका शव प्रयागराज के कसारी-मसारी में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। छोटे भाई के जनाजे में शामिल हो
माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान की सड़क हादसे में मौत के बाद आज उसका शव प्रयागराज के कसारी-मसारी में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा। छोटे भाई के जनाजे में शामिल होने के लिए जेल में बंद उमर और अली को लेकर पुलिस प्रयागराज के लिए निकल चुकी है। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने दोनों को अपने छोटे भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पैरोल दी है।
पहले तय कार्यक्रम के अनुसार, अली को झांसी-खजुराहो हाईवे के रास्ते प्रयागराज ले जाया जाना था, लेकिन अंतिम समय में रूट बदलकर झांसी-कानपुर मार्ग से काफिला रवाना किया गया। सुरक्षा कारणों से काफिले को उरई के बाहर बड़ागांव क्षेत्र में करीब दो मिनट के लिए रोका गया, जिससे आसपास के लोग सकते में आ गए। पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में छह गाड़ियों का काफिला कुछ देर ठहरने के बाद प्रयागराज की ओर रवाना हुआ।
अली अहमद के काफिले में पहले से तय रूट में बदलाव किया गया है। रूट परिवर्तन के कारण सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। बड़ागांव में काफिला रुकने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में चर्चा शुरू हो गई। स्थानीय लोगों ने कहा कि अचानक इतनी गाड़ियों के साथ काफिला रुकने से थोड़ी देर के लिए सभी लोग सकते में थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी के कारण कोई अव्यवस्था नहीं हुई। फिलहाल, अली अहमद का काफिला झांसी-कानपुर मार्ग से होते हुए यमुना पुल को पार कर जिला कानपुर देहात पहुंच गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर रूट में बदलाव किया गया है और आगे भी आवश्यकतानुसार व्यवस्था की जाएगी। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने कस्टडी पैरोल के दौरान उमर और अली को अपनी बुआ परवीन कुरैशी और छोटे भाई अहजम अहमद से एक घंटे तक मिलने की इजाजत दी है। यह मुलाकात पुलिस की मौजूदगी में तय स्थान पर होगी। अंतिम संस्कार और परिजनों से मुलाकात पूरी होते ही दोनों को वापस संबंधित जेलों में भेज दिया जाएगा।
माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद की बुधवार को झांसी में हुए एक भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई थी। यह हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एसएसपी झांसी के अनुसार, हादसे में अतीक अहमद के बेटे आबान और उसके साथी अहजम उर्फ सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोहम्मद जैद, उमर समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
















