Bangladeshi abducts Indian citizen: बांग्लादेशी ने भारतीय नागरिक दीपांकर को अगवा किया

भारत और बांग्लादेश के बीच एक बार फिर तनाव की स्थिति बनती दिख रही है। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से एक भारतीय नागरिक दीपांकर गोप को बांग्लादेशी लोगों ने अगवा कर
भारत और बांग्लादेश के बीच एक बार फिर तनाव की स्थिति बनती दिख रही है। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से एक भारतीय नागरिक दीपांकर गोप को बांग्लादेशी लोगों ने अगवा कर लिया है। इस घटना के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है। जानकारी के अनुसार, अगवा किया गया दीपांकर एक चाय किसान है और उसे बांग्लादेश पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस उसके खिलाफ केस दर्ज करने की योजना बना रही है।
इससे पहले बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने 35 वर्षीय किसान दीपांकर को पंचगढ़ पुलिस स्टेशन को सौंप दिया। पंचगढ़ पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर (जांच) आशीष कुमार शील ने बांग्लादेशी अखबार द डेली स्टार को बताया कि उसके खिलाफ केस दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। केस दर्ज होने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
खबरों के अनुसार, अपहरण की यह घटना शनिवार सुबह हुई, जब वह जलपाईगुड़ी जिले के कुकुरजन इलाके में अपने चाय के खेत में अकेले कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहा था। यह क्षेत्र सीमा सुरक्षा बल (BSF) की चौलहाटी चौकी के अधिकार क्षेत्र में आता है। बताया गया है कि कम से कम 15 बांग्लादेशी लोग अचानक से भारतीय सीमा में घुस आए और उसे जबरन अपने साथ ले गए।
अपहरण की घटना के बाद, BSF के जवान मौके पर पहुंचे और गोप को छुड़ाने की कोशिशें शुरू कर दीं। उन्होंने BGB अधिकारियों के साथ फ्लैग मीटिंग भी की, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। इस बीच, गोप का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें उसे उठाकर ले जाने वाले बांग्लादेशी लोग कह रहे हैं कि उसे तभी छोड़ा जाएगा जब तमीज उद्दीन को रिहा किया जाएगा। तमीज को BSF ने इस हफ्ते की शुरुआत में चौलहाटी बॉर्डर पर गिरफ्तार किया था।

















